CM योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला: ‘पहले कट्टा-बम बनते थे, अब UP में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल, जो बोली से नहीं माना वो गोली से मान गया’

2026_5image_13_48_183901892yogi-ll

कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर से विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम बनाने वालों से जुड़ी थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौर में अपराध, अराजकता और असुरक्षा का माहौल था, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर प्रदेश को विकास और सुरक्षा की नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले निर्दोष लोगों और व्यापारियों को निशाना बनाने के लिए कट्टा-बम बनाए जाते थे तथा बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। योगी ने कहा, “हमने इन शोहदों को ठीक किया है, जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर मान गया।”

‘बीमारी, भुखमरी और बेरोजगारी से जूझता था कुशीनगर’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों के कारण कुशीनगर लंबे समय तक बीमारी, भुखमरी, बेरोजगारी और अव्यवस्था का सामना करता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में खनन माफिया सक्रिय थे, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था और स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। फाजिलनगर और कसया क्षेत्र में मुसहर समुदाय के लोगों की भूख से मौत की खबरें सामने आती थीं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई दिशा चुनी और डबल इंजन सरकार बनने के बाद कुशीनगर की तस्वीर बदलनी शुरू हुई। आज जिले में लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को आवास, 3.14 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

‘मच्छर और माफिया, दोनों पर किया प्रहार’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की कल्पना भी मुश्किल थी, वहां आज मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी बड़ी परियोजनाएं साकार हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को गन्ने का मूल्य 315 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है और भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इंसेफेलाइटिस की समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है और प्रदेश से माफिया राज भी खत्म हुआ है। उनके अनुसार, “मच्छर बीमारी फैलाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।”

युवाओं और बेटियों के लिए नए अवसरों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुशीनगर की बेटियां और युवा पुलिस समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। साथ ही प्रदेश में बढ़ते निवेश के कारण रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे जनप्रतिनिधि विकास, सुरक्षा और समृद्धि का रास्ता खोलते हैं और वर्तमान सरकार हर किसान, युवा, बेटी और परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे इस क्षेत्र को भगवान महावीर की विरासत से जोड़ते हुए नई पहचान दिलाई जा सके।

राम मंदिर को लेकर कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अयोध्या में बने राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण सदियों के संघर्ष और आस्था की जीत का प्रतीक है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अवसर होने के बावजूद उसने राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त नहीं किया।

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा घोषित रूप से रामद्रोही रही है और उसने लगातार राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया। इसके बावजूद सरकार अपने संकल्प पर अडिग रही और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर स्थापित हो चुका है।

‘एक वोट ने बदली देश और प्रदेश की तस्वीर’

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में मतदाता की ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के एक वोट का असर अयोध्या से लेकर दिल्ली और लखनऊ तक दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इसी जनादेश की ताकत से अयोध्या में राम मंदिर बना, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई और उत्तर प्रदेश आज ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि जब भारत का जवान दुश्मन पर ब्रह्मोस मिसाइल दागता है तो पाकिस्तान घबराकर बचाव की गुहार लगाने लगता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन सरकार विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने देगी और प्रदेश के हर क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुशीनगर कभी पिछड़ा जिला नहीं था, बल्कि पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों ने इसे विकास की दौड़ से पीछे धकेल दिया था। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के बल पर यह जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है और नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश कर रहा है।

 

एक नज़र