पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में गरजा छात्र आंदोलन! जंतर-मंतर पर उतरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
नई दिल्ली: पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्थाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक जुट रहे हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शाम 5 बजे तक धरना देने की अनुमति प्रदान की है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने बताया कि उनका आंदोलन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक विवाद और विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
एयरपोर्ट पर ही मिली प्रदर्शन की अनुमति
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे। पहले उन्होंने समर्थकों से संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचने की अपील की थी, लेकिन बाद में दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद सभी को सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर ही उनसे मुलाकात कर प्रदर्शन को लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं।
इसके बाद दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थकों को जंतर-मंतर पहुंचने का आह्वान किया, जहां सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया।
सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन में शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
जंतर-मंतर से एयरपोर्ट तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद अनुमति दी गई है। साथ ही सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी प्रकार के टकराव की स्थिति न बनने दी जाए।
करीब 2,000 पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक पर भी नजर
नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र को 12 जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में संभावित भीड़ और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।
