अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड धमाका: गेंद और बल्ले से मचाया कोहराम, 13.5 ओवर में ही टीम को दिलाई जीत
मुंबई: टी20 मुंबई लीग 2026 में अर्जुन तेंदुलकर ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने पहले गेंद से 3 विकेट झटके और फिर बल्ले से 66 रनों की तूफानी पारी खेलकर ARCS अंधेरी को आसान जीत दिला दी।
गेंदबाजी में दिखाया जलवा, 3 विकेट झटके
बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टॉप ऑर्डर के तीन बल्लेबाज महज 5 गेंदों के भीतर पवेलियन लौट गए। अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को पूरी तरह परेशान कर दिया। उन्होंने 3 ओवर में 3 विकेट हासिल किए और बांद्रा की पारी को दबाव में ला दिया। बांद्रा की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सकी।
बल्ले से भी मचाया कहर, 34 गेंदों में 66 रन
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ARCS अंधेरी की शुरुआत भले ही थोड़ी लड़खड़ाई हो, लेकिन नंबर-3 पर आए अर्जुन तेंदुलकर ने मैच का रुख ही बदल दिया। उन्होंने 34 गेंदों में 66 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
मुशीर खान के साथ साझेदारी ने पलटा मैच
अर्जुन तेंदुलकर ने मुशीर खान के साथ मिलकर शानदार साझेदारी निभाई और लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे बांद्रा ब्लास्टर्स पूरी तरह बेबस नजर आई।
13.5 ओवर में मिली आसान जीत
ARCS अंधेरी ने यह मुकाबला सिर्फ 13.5 ओवर में ही जीत लिया। अर्जुन तेंदुलकर को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
