7 साल बॉलीवुड से दूर रहकर भी प्रियंका चोपड़ा ने रचा इतिहास, शाहरुख खान को टक्कर देकर बनीं भारत की तीसरी सबसे कीमती सेलिब्रिटी
नई दिल्ली: लंबे समय से बॉलीवुड फिल्मों से दूर रहने के बावजूद अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फॉर्च्यून इंडिया–इंटरब्रांड की ताज़ा रिपोर्ट में प्रियंका चोपड़ा को भारत की तीसरी सबसे कीमती सेलिब्रिटी बताया गया है, जिसमें उन्होंने कई बड़े सितारों को पीछे छोड़ दिया है।
7 साल से नहीं आई कोई बॉलीवुड फिल्म, फिर भी कायम स्टारडम
प्रियंका चोपड़ा की आखिरी बॉलीवुड फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ थी, जिसमें वह फरहान अख्तर, जायरा वसीम और रोहित सराफ के साथ नजर आई थीं। इसके बाद से वह लगातार भारतीय फिल्मों से दूर रहीं, लेकिन इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता और ब्रांड वैल्यू में कोई कमी नहीं आई।
रैंकिंग में शाहरुख और विराट के बाद तीसरा स्थान
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत के सबसे कीमती सेलिब्रिटी की सूची में क्रिकेटर विराट कोहली पहले स्थान पर हैं, जबकि शाहरुख खान दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद तीसरे स्थान पर प्रियंका चोपड़ा का नाम दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि टॉप 3 में शामिल वह इकलौती महिला परफॉर्मर हैं।
टॉप 10 में शामिल कई बड़े नाम
इस सूची में कई बड़े सितारों और खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। महेंद्र सिंह धोनी चौथे स्थान पर हैं, रणवीर सिंह पांचवें, अक्षय कुमार छठे और अमिताभ बच्चन सातवें स्थान पर हैं। सचिन तेंदुलकर आठवें, आलिया भट्ट नौवें और अल्लू अर्जुन दसवें स्थान पर हैं।
कमाई से आगे ब्रांड वैल्यू का पैमाना
रिपोर्ट में बताया गया है कि यह रैंकिंग केवल फिल्मों की कमाई या एंडोर्समेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें लोकप्रियता, प्रभाव और ब्रांड वैल्यू जैसे कई मानकों को भी शामिल किया गया है।
फिल्मी करियर से हॉलीवुड तक पहुंचा सफर
प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘ऐतराज’, ‘डॉन’, ‘कृष’, ‘फैशन’, ‘बर्फी’ और ‘मैरी कॉम’ जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में मजबूत पहचान बनाई। बाद में उन्होंने हॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहीं।
जल्द बॉलीवुड में वापसी की तैयारी
प्रियंका चोपड़ा जल्द ही भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। वह एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी, जो 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर में रिलीज होने की योजना है।
