आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा झारखंड का युवक, ग्रामीणों ने पकड़ लिया; फिर मंदिर में करवा दी शादी

Bihar-Unique-Marriage-Deoghar-Lover-Weds-Jamui-Girl-1781814143477_v

जमुई: बिहार के जमुई जिले से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। झारखंड के देवघर से अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने रात में पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में मंदिर में शादी कर ली। बाद में पंचायत बैठी और लिखित शपथ पत्र तैयार कर मामले को शांत कराया गया।

जानकारी के अनुसार, मामला बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के नौवाडीह पंचायत स्थित केदुवाआ टांड़ गांव का है। युवक की पहचान झारखंड के देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के कोसलीडीह गांव निवासी अनिल तूरी के रूप में हुई है। वहीं युवती जमुई जिले के केदुवाआ गांव की रहने वाली बताई गई है।

मोबाइल और सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत हो रही थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। एक-दूसरे से मिलने की इच्छा के चलते दोनों ने मुलाकात की योजना बनाई।

इसी योजना के तहत अनिल तूरी रात के समय अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए झारखंड से बिहार पहुंच गया। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दोनों को मौके पर पकड़ लिया।

ग्रामीणों के सामने लिया शादी का फैसला

घटना की जानकारी फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। बढ़ते हंगामे के बीच दोनों ने अपनी इच्छा से शादी करने का फैसला लिया। इसके बाद ग्रामीणों और युवती के परिजनों की मौजूदगी में दोनों बिचकोड़वा स्थित एक स्थानीय मंदिर पहुंचे, जहां विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।

लड़के के परिवार ने कहा- जो उचित लगे करें

शादी की सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने युवक के परिवार को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया गया कि युवक के परिजनों ने इस मामले से खुद को अलग करते हुए कहा कि लड़का उनके नियंत्रण से बाहर है और स्थानीय लोग जो उचित समझें, वह कर सकते हैं।

पंचायत में तैयार हुआ शपथ पत्र

इसके बाद युवती के पिता ने गांव के सरपंच और पंचों को बुलाकर पंचायत आयोजित कराई। पंचायत में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरे मामले को लिखित रूप दिया गया। एक शपथ पत्र तैयार कराया गया, जिस पर दोनों पक्षों और पंचायत प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर कराए गए।

‘पत्नी के रूप में सम्मान दूंगा’

पंचायत के दौरान अनिल तूरी ने कहा कि उसने अपनी इच्छा और सहमति से यह विवाह किया है। उसने यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी को सम्मानपूर्वक अपने साथ रखेगा और वैवाहिक जिम्मेदारियां निभाएगा। युवती ने भी इस विवाह पर अपनी सहमति जताई।

फिलहाल पंचायत स्तर पर मामला सुलझा लिया गया है और किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। प्रेम प्रसंग से शुरू हुई यह शादी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

एक नज़र