‘प्रिय मित्र नरेंद्र…’ हिंदी में मैक्रों का खास संदेश, PM मोदी को दी भावुक विदाई; बोले- फ्रांस आपसे प्यार करता है
पेरिस: जी-7 शिखर सम्मेलन और दो देशों की यूरोपीय यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेश वापसी से पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर भारत-फ्रांस संबंधों की मजबूती का संदेश दिया। राष्ट्रपति मैक्रों ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए उन्हें अपना “प्रिय मित्र” बताया और कहा कि भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे।
प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस पहुंचे थे। इस दौरान उनका फ्रांस में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यात्रा के समापन पर राष्ट्रपति मैक्रों ने वीडियो संदेश साझा कर एक बार फिर दोनों देशों की मित्रता को रेखांकित किया।
हिंदी में बोले मैक्रों, दोस्ती को बताया अमर
वीडियो संदेश में राष्ट्रपति मैक्रों ने हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है आपका नीस, एवियॉन और पेरिस दौरे के लिए स्वागत करते। फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे।” हिंदी में संदेश देने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उन्होंने इसे सही तरीके से कहा है।
‘फ्रांस आपसे प्यार करता है’, मैक्रों का भावुक संदेश
राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को बेहद सार्थक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा देने वाली रही है। उन्होंने अगले वर्ष फरवरी में फिर मुलाकात की उम्मीद भी जताई और अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के साथ किया।
फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर थे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो देशों की यूरोप यात्रा पर थे। यात्रा के पहले चरण में वह 13 जून को फ्रांस के नीस पहुंचे, जहां उन्होंने भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का उद्घाटन किया और राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।
इसके बाद प्रधानमंत्री स्लोवाकिया पहुंचे। यह यात्रा ऐतिहासिक मानी गई क्योंकि वह स्लोवाकिया का दौरा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। स्लोवाकिया से लौटने के बाद उन्होंने फ्रांस के एवियॉन शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था।
पीएम मोदी ने भी जताया आभार
यात्रा पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फ्रांस का दौरा संवाद और परिणामों के लिहाज से बेहद सफल रहा। उन्होंने बताया कि नीस में आयोजित कार्यक्रमों से लेकर जी-7 शिखर सम्मेलन, पेरिस में विभिन्न आयोजनों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से हुई मुलाकातों ने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत किया है।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत और फ्रांस के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
