कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला! इंडिगो विमान पर गिरी बिजली, 141 यात्रियों को तुरंत निकाला गया बाहर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। अगरतला जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने की चपेट में आ गई। घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान में सवार सभी 141 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 सुबह अगरतला के लिए रवाना होने वाली थी। विमान एरोब्रिज 56एल पर खड़ा था, तभी सुबह करीब 9:30 बजे खराब मौसम के बीच उस पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने से विमान के पावर सिस्टम पर असर पड़ा और विमान का सिस्टम अचानक बंद हो गया।
सुरक्षा के तहत यात्रियों को तुरंत उतारा गया
घटना के समय एयरबस ए320 विमान में 141 यात्री और छह क्रू सदस्य मौजूद थे। एयरलाइन ने एहतियातन सभी यात्रियों को तुरंत विमान से बाहर निकाला और तकनीकी जांच शुरू कराई। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
बाद में यात्रियों की यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइन ने दूसरे विमान की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को एयरबस ए321 विमान से अगरतला के लिए रवाना किया गया।
तीन घंटे से ज्यादा देरी से उड़ान भरी
मूल रूप से यह उड़ान सुबह 9:20 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन घटना के बाद सुरक्षा जांच और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था के कारण उड़ान में देरी हुई। अंततः विमान दोपहर 12:50 बजे अगरतला के लिए रवाना हो सका।
दो ग्राउंड स्टाफ प्रभावित, अस्पताल ले जाया गया
घटना के दौरान एयरपोर्ट पर कार्यरत दो ग्राउंड स्टाफ भी मामूली रूप से प्रभावित हुए। उन्हें तत्काल चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
तूफान और बारिश के बीच हुई घटना
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी था। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर द्वारा पहले ही मौसम संबंधी अलर्ट जारी कर दिया गया था।
खराब मौसम का असर शहर के कई हिस्सों में भी देखने को मिला, जहां जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आईं।
AAI ने की घटना की पुष्टि
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि तूफान के दौरान इंडिगो के विमान पर बिजली गिरने की घटना हुई थी। हालांकि सुरक्षा उपायों और त्वरित कार्रवाई के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
