राहुल गांधी ने कोर्ट में जताया खेद! बोले- ‘गलतफहमी में दिया था बयान’, शिवराज चौहान के बेटे से जुड़े मानहानि केस में नया मोड़

rahul-gandhi-10-1782371423

जबलपुर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राहुल गांधी ने अदालत में लिखित आवेदन दाखिल कर अपने पुराने बयान पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि संबंधित बयान गलतफहमी के कारण दिया गया था और उसका आशय शिकायतकर्ता से नहीं था।

यह मामला मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि याचिका से जुड़ा है। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट की एकलपीठ में हो रही है और गुरुवार को राहुल गांधी के खेद संबंधी आवेदन पर सुनवाई निर्धारित की गई है।

मानहानि मामले में दाखिल किया लिखित आवेदन

राहुल गांधी की ओर से हाईकोर्ट में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया है। आवेदन में कहा गया है कि जिस टिप्पणी को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, वह शिकायतकर्ता के संदर्भ में नहीं थी। मामले में शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से अधिवक्ता संकल्प कोचर ने पैरवी की।

बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान भी राहुल गांधी की ओर से अपना पक्ष रखा गया था। अब अदालत इस आवेदन पर आगे विचार करेगी।

2018 की चुनावी सभा से जुड़ा है विवाद

विवाद की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि झाबुआ में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी ने कथित तौर पर पनामा पेपर्स प्रकरण का उल्लेख करते हुए कार्तिकेय का नाम लिया था।

याचिकाकर्ता का दावा था कि इस बयान से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उनकी छवि प्रभावित हुई।

राहुल गांधी को जारी किया गया था समन

मामले की सुनवाई के दौरान निचली अदालत ने राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए समन जारी किया था। इसके बाद कांग्रेस नेता ने मानहानि प्रकरण और समन आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

हाईकोर्ट में लगातार चल रही सुनवाई

इस मामले में बीते दिनों भी हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी। अदालत ने याचिकाकर्ता को अधीनस्थ न्यायालय का रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद संबंधित रिकॉर्ड हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मामले पर मंगलवार को भी सुनवाई हुई थी, जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए तारीख तय की थी। अब राहुल गांधी द्वारा दाखिल खेद आवेदन पर अदालत का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

एक नज़र