यूपी में मानसून का बड़ा असर! आज 46 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई शहरों में पारा 9 डिग्री तक लुढ़का
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 46 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, लगातार बारिश के चलते कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
नजीबाबाद में 24 घंटे में 306 मिमी बारिश, बना बड़ा रिकॉर्ड
बारिश का सबसे ज्यादा असर बिजनौर के नजीबाबाद में देखने को मिला, जहां 24 घंटे के दौरान 306 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह वर्ष 1952 के बाद से वर्षा मापन के इतिहास में तीसरी सबसे अधिक बारिश मानी गई है। इसके अलावा एटा में 222 मिमी, संभल में 204 मिमी और आगरा में 146 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। तराई क्षेत्र के महाराजगंज में 104 मिमी और सिद्धार्थनगर में 78.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
बारिश से कई शहरों का तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंचा
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। अलीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मेरठ में 8.3 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 7.6 डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कानपुर, इटावा और बरेली में भी अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।
आज 46 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए तराई क्षेत्र के 17 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
13 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 13 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
