नेपाल-भारत रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार! भारतीय राजदूत और नेपाल के स्पीकर की अहम मुलाकात, कनेक्टिविटी से संसदीय सहयोग तक हुई बड़ी चर्चा

bharata-napal-sama-khanava-ka-sa

सिद्धार्थनगर: नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को नेपाल की प्रतिनिधि सभा के स्पीकर डोल प्रसाद आर्यल से शिष्टाचार मुलाकात की। सिंह दरबार में हुई इस बैठक के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने, सहयोग के दायरे का विस्तार करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

सभ्यता, संस्कृति और भौगोलिक निकटता को बताया रिश्तों की मजबूत नींव

बैठक में स्पीकर डोल प्रसाद आर्यल ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध साझा सभ्यता, भौगोलिक निकटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जुड़ाव पर आधारित हैं। उन्होंने व्यापार, सुरक्षा, नागरिक उड्डयन, जल संसाधन और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच जारी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

नेपाल सरकार के 100 दिन पूरे, भारत के सहयोग पर जताया आभार

स्पीकर आर्यल ने कहा कि नेपाल सरकार ने अपने पहले 100 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने हाल में हुए चुनावों के दौरान भारत सरकार की ओर से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि दोनों देशों के बीच लगातार हो रहे उच्चस्तरीय दौरे आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत बना रहे हैं।

रेल, बस और हवाई सेवाओं के विस्तार पर दिया जोर

स्पीकर ने दोनों देशों के बीच नागरिक उड्डयन, रेल और बस सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही भविष्य में अधिक हवाई, रेल और बस मार्ग विकसित होने की उम्मीद भी जताई।

लोकसभा अध्यक्ष को नेपाल आने का दिया निमंत्रण

बैठक के दौरान स्पीकर डोल प्रसाद आर्यल ने जानकारी दी कि भारतीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नेपाल आने का निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की सुविधा के अनुसार नेपाल उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

भारतीय राजदूत बोले- संसदीय कूटनीति से संबंध होंगे और मजबूत

भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला नेपाल यात्रा में रुचि रखते हैं। उन्होंने नेपाल के स्पीकर और सांसदों को भारत आने का निमंत्रण भी दिया, ताकि वे भारतीय संसदीय व्यवस्था को निकट से समझ सकें। उन्होंने कहा कि संसदीय कूटनीति और उच्चस्तरीय राजनीतिक संवाद दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

व्यापार, ऊर्जा और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग रहेगा जारी

भारतीय राजदूत ने भरोसा जताया कि भारत सरकार व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए नेपाल के साथ लगातार सहयोग जारी रखेगी।

 

एक नज़र