हर छोटी बात पर तनाव लेना पड़ सकता है भारी, बढ़ सकता है इन गंभीर बीमारियों का खतरा
नई दिल्ली: रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों पर जरूरत से ज्यादा तनाव लेना धीरे-धीरे शरीर और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर नकारात्मक असर डाल सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार तनाव रहने पर व्यक्ति की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, गुस्सा बढ़ने लगता है, नींद की समस्या हो सकती है और बार-बार सिरदर्द जैसी शिकायतें भी सामने आ सकती हैं। तनाव की सहनशीलता हर व्यक्ति में अलग होती है, लेकिन जब यह सामान्य सीमा से आगे बढ़ जाता है तो इसका असर दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगता है।
एसिडिटी और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं
लगातार तनाव रहने से पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे एसिड पेप्टिक रोग और गैस जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है, जिससे पेट में जलन, दर्द और अपच की शिकायत हो सकती है।
नशे की आदत का बढ़ सकता है जोखिम
अधिक तनाव की स्थिति में कुछ लोग राहत पाने के लिए धूम्रपान, शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सहारा लेने लगते हैं। यह आदत समय के साथ कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
तेजी से बढ़ सकता है वजन
तनाव का असर खानपान की आदतों पर भी पड़ता है। कुछ लोग जरूरत से ज्यादा खाना खाने लगते हैं, जबकि कुछ का खानपान पूरी तरह अनियमित हो जाता है। इसके साथ शारीरिक गतिविधियां कम होने से वजन तेजी से बढ़ने का खतरा रहता है।
हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है
विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय तक लगातार तनाव रहने से हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है। समय रहते तनाव पर नियंत्रण नहीं किया जाए तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है असर
तनाव केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। लगातार तनाव रहने से मानसिक संतुलन बिगड़ सकता है और ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह की आवश्यकता पड़ सकती है।
कमजोर हो सकती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
अत्यधिक तनाव का असर शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली पर भी पड़ता है। इम्यूनिटी कमजोर होने पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है और व्यक्ति बार-बार बीमार पड़ सकता है।
मतली और उल्टी की समस्या भी हो सकती है
कुछ लोगों में तनाव के दौरान पेट में दर्द, घबराहट, मतली और उल्टी जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं। यदि ऐसी परेशानी बार-बार हो रही हो तो चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी माना जाता है।
