Vitamin K की कमी पड़ सकती है भारी! शरीर को स्वस्थ रखना है तो आज ही डाइट में शामिल करें ये 5 चीजें
नई दिल्ली: स्वस्थ शरीर के लिए विटामिन और खनिजों से भरपूर संतुलित आहार बेहद जरूरी होता है। इन्हीं आवश्यक पोषक तत्वों में विटामिन K भी शामिल है, जो शरीर की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में अहम भूमिका निभाता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के साथ-साथ हृदय और फेफड़ों की मांसपेशियों के इलास्टिक फाइबर को बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है। यदि आप अपने आहार में विटामिन K से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करते हैं तो इसकी कमी से बचा जा सकता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां
विटामिन K का सबसे अच्छा प्राकृतिक स्रोत हरी पत्तेदार सब्जियां मानी जाती हैं। इसके लिए आप पालक, सरसों का साग, मेथी, बथुआ, गोभी, ब्रोकली, बीन्स और अन्य हरी सब्जियों को नियमित रूप से अपने भोजन का हिस्सा बना सकते हैं।
डेयरी उत्पाद
दूध और उससे बने उत्पाद भी विटामिन K प्राप्त करने का अच्छा माध्यम हैं। दूध, दही, पनीर और मक्खन जैसे डेयरी उत्पाद शरीर को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने के साथ विटामिन K की जरूरत पूरी करने में भी मदद कर सकते हैं।
फल
फलों में कई जरूरी विटामिन और पोषक तत्व पाए जाते हैं। विटामिन K की पूर्ति के लिए अनार, सेब और चुकंदर जैसे फलों का सेवन लाभकारी माना जाता है। इन्हें संतुलित मात्रा में आहार में शामिल किया जा सकता है।
मछली और अंडा
मछली और अंडा शरीर को कई जरूरी विटामिन और मिनरल प्रदान करते हैं। इनके सेवन से विटामिन K की कमी पूरी करने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावा पोर्क में भी विटामिन K पाया जाता है।
शलजम और चुकंदर
शलजम और चुकंदर भी विटामिन K के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इनमें विटामिन A के साथ विटामिन K भी मौजूद होता है। शलजम को आंखों और हड्डियों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, जबकि चुकंदर कई आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होता है।
संतुलित आहार है सबसे जरूरी
शरीर में किसी भी विटामिन की कमी से बचने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। यदि आपको किसी पोषक तत्व की कमी का संदेह हो या स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या हो तो आहार में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।
