होर्मुज पर ईरान की दोटूक चेतावनी, ‘वैकल्पिक समुद्री मार्ग बनाया तो अमेरिकी युद्धपोत होंगे निशाने पर’
नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने अमेरिका को कड़ा संदेश दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता के वरिष्ठ सलाहकार और एक्सपीडियेंसी काउंसिल के सदस्य जनरल मोहसिन रेजाई ने कहा है कि यदि मौजूदा समुद्री मार्ग के अलावा किसी वैकल्पिक रास्ते के निर्माण के लिए अमेरिकी युद्धपोत तैनात किए गए तो ईरानी सेना उन्हें निशाना बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेहरान किसी भी स्थिति में होर्मुज में वैकल्पिक समुद्री मार्ग को स्वीकार नहीं करेगा।
अमेरिका को व्यवहार बदलने की नसीहत
सरकारी मीडिया से बातचीत के दौरान मोहसिन रेजाई ने कहा कि अमेरिका को सबसे पहले अपने व्यवहार में बदलाव के स्पष्ट संकेत देने होंगे। उनका कहना था कि जब तक वाशिंगटन अपनी नीतियों में बदलाव नहीं दिखाता, तब तक ईरान किसी नए समुद्री मार्ग पर सहमति नहीं देगा।
समुद्री नाकेबंदी जारी रही तो बढ़ सकता है खतरा
रेजाई ने समुद्री नाकेबंदी को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका समुद्री नाकेबंदी जारी रखता है और ईरान की सुरक्षा संबंधी चिंताओं की अनदेखी करता है, तो अमेरिकी जहाजों और सैन्य ठिकानों के लिए गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका यदि कुछ प्रमुख शर्तों को स्वीकार करता है, तभी ईरान इसे सकारात्मक बदलाव मानेगा।
ईरान ने कहा- ओमान के साथ केवल सुरक्षा पर हो रही चर्चा
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि फिलहाल अमेरिका के साथ किसी भी तरह की प्रत्यक्ष वार्ता नहीं चल रही है। उन्होंने बताया कि इस समय केवल ओमान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और उसके प्रबंधन को लेकर चर्चा हो रही है तथा नए समाधान तलाशे जा रहे हैं। बघाई ने यह भी स्पष्ट किया कि निकट भविष्य में न कोई विदेशी प्रतिनिधिमंडल ईरान आएगा और न ही ईरानी वार्ताकार विदेश यात्रा पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री अब्बास अराकची इस समय इराक की धार्मिक यात्रा पर हैं।
ट्रंप ने बातचीत जारी रहने का किया दावा
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और जल्द ही औपचारिक वार्ता आगे बढ़ने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर समेत कई देशों के आग्रह पर संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य सामान्य रूप से खुला रहे और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर समाधान निकले।
ईरान ने ट्रंप के दावों को बताया गलत
हालांकि, ईरान ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। ईरानी पक्ष का कहना है कि अमेरिका के साथ न तो किसी बैठक की योजना है और न ही किसी वार्ता की तैयारी चल रही है। इसके बावजूद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईरानी नेतृत्व ने बातचीत की इच्छा जताई है और भविष्य में वार्ता की संभावना बनी हुई है।
दुनिया की नजर होर्मुज जलडमरूमध्य पर
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है। दुनिया में कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और वैश्विक व्यापार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं, ट्रंप के बातचीत संबंधी बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
