LPG सिलेंडर हो सकता है महंगा! सरकार नए शुल्क पर कर रही विचार, घरेलू गैस की कीमत ₹18 तक बढ़ने के संकेत
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। इसी बीच भारत में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की ताजा कीमतें भी जारी कर दी गई हैं। बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता और ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार एलपीजी और प्राकृतिक गैस पर नया शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
रणनीतिक ईंधन भंडारण की तैयारी में सरकार
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान क्षेत्र में बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए सरकार 42 अरब डॉलर की रणनीतिक ईंधन भंडारण योजना तैयार कर रही है। प्रस्तावित योजना के तहत पहली बार कच्चे तेल के साथ एलएनजी और एलपीजी का भी रणनीतिक भंडार बनाया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में देश की ऊर्जा जरूरतों पर असर न पड़े।
योजना के अनुसार, देश में लगभग दो महीने की कच्चे तेल और एलएनजी की मांग के बराबर तथा करीब छह सप्ताह की एलपीजी खपत के बराबर रणनीतिक भंडार तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर ₹18 तक महंगा होने की संभावना
रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार एलपीजी पर 1.29 रुपये प्रति किलोग्राम का नया शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगभग 18 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
प्राकृतिक गैस पर भी प्रस्तावित है नया शुल्क
प्रस्ताव के तहत प्राकृतिक गैस पर 1.43 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर का शुल्क लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। अनुमान है कि मौजूदा खपत के आधार पर इस प्रस्ताव के लागू होने पर सरकार को सालाना करीब 1 अरब डॉलर का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है।
