एशिया कप में भारत की बादशाहत बरकरार, 8वीं बार चैंपियन बना भारत; फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से रौंदा

014

नई दिल्ली: विमेन्स एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पहले भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार शुरुआत करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने श्रीलंकाई पारी को समेटकर टीम को शानदार जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप का खिताब 8वीं बार अपने नाम किया है।

भारत ने इससे पहले वनडे प्रारूप में 2004, 2005, 2006 और 2008 में एशिया कप जीता था। वहीं टी20 प्रारूप में टीम 2012, 2016, 2022 के बाद अब 2026 में भी चैंपियन बनी है।

मंधाना-शेफाली ने मचाया तूफान, 129 रन की रिकॉर्ड साझेदारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर प्रहार करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़ दिए।

शेफाली वर्मा ने सिर्फ 39 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 59 रन बनाए। दोनों की बल्लेबाजी ने भारत को शुरुआती ओवरों में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

129 रन पर पहला विकेट गिरा, फिर लड़खड़ाई भारतीय पारी

129 रन के स्कोर पर शेफाली वर्मा के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। मध्यक्रम के बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटे, जिससे एक समय 200 से ज्यादा का स्कोर बनाता दिख रहा भारत 183 रन तक ही पहुंच सका।

अंत में ऋचा घोष ने 17 रन और जी. कमालिनी ने नाबाद 15 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 184 रन का लक्ष्य रखा।

क्रांति गौड़ ने दिए शुरुआती झटके, श्रीलंका पर बढ़ा दबाव

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्रांति गौड़ ने शुरुआती विकेट लेकर श्रीलंका को दबाव में डाल दिया। हालांकि कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की।

दोनों बल्लेबाजों ने 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर श्रीलंका की उम्मीदें जगाईं, लेकिन भारतीय गेंदबाजी के सामने यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।

दीप्ति शर्मा ने एक ही स्पेल में पलटा मैच

श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने अच्छी स्थिति में पहुंचती दिख रही थीं, तभी दीप्ति शर्मा ने दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर दिया। इन दो अहम विकेटों के साथ श्रीलंकाई टीम की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।

इसके बाद श्री चरणी ने अपनी फिरकी का शानदार इस्तेमाल करते हुए हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को पवेलियन भेज दिया। लगातार विकेट गिरने के साथ श्रीलंका की पारी पूरी तरह बिखर गई।

111 रन पर सिमटी श्रीलंका, भारत ने 72 रन से जीता फाइनल

भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। भारत ने 72 रन से फाइनल मुकाबला अपने नाम करते हुए एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एक बार फिर एशिया कप में अपनी मजबूत स्थिति साबित कर दी और 2026 का खिताब जीतकर ट्रॉफी की संख्या 8 तक पहुंचा दी।

भारत की प्लेइंग XI: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा

श्रीलंका की प्लेइंग XI: चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, विश्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंदिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या

 

एक नज़र