‘मुझे बचा लो… कोई अस्पताल ले चलो’, सपा नेता की आखिरी गुहार, कैफे के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

Pawan-Pandey

प्रयागराज: प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई, जब पवन करीब दो घंटे कैफे में दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद बाहर निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली लगने के बाद सड़क पर खून से लथपथ पवन ने लोगों से उन्हें अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

कैफे से निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

बताया गया कि पवन शाम करीब 5:20 बजे कैफे से बाहर निकले थे। जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगे, उसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने बेहद करीब से उन पर फायरिंग कर दी। गोली पेट और पीठ में लगी, जिसके बाद पवन सड़क पर गिर पड़े।

फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल पवन को तुरंत हंडिया के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर टाउन के अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो घंटे कैफे में थे पवन, बाहर निकलते ही हमला

पवन कुमार यादव मुगरांव गांव के पूर्व प्रधान और समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में उनकी पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा एक बेटा प्रिंस है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि बदमाशों को पवन की गतिविधियों की जानकारी थी। करीब दो घंटे कैफे में रहने के बाद जैसे ही पवन बाहर निकले, बाइक सवार बदमाश वहां पहुंच गए। पुलिस को आशंका है कि कैफे के बाहर से ही किसी व्यक्ति ने बदमाशों को पवन के बाहर निकलने की जानकारी दी थी।

42 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्याकांड की जांच में पुलिस ने हंडिया, भदोही और टोल प्लाजा के आसपास लगे 42 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में बाइक चलाने वाला बदमाश बिना हेलमेट दिखाई दे रहा है, जबकि पीछे बैठे दो आरोपियों ने हेलमेट पहना हुआ था।

जांच में बदमाशों के वाराणसी मार्ग पर बरौत की तरफ भागने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुरानी रंजिश और मुखबिरी के एंगल पर जांच

पवन के बड़े भाई अशोक ने हंडिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। परिवार की ओर से पुलिस को पवन से रंजिश रखने वाले दो लोगों के नाम भी बताए गए हैं। पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, मुखबिरी और पवन की गतिविधियों की जानकारी हमलावरों तक पहुंचने समेत अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

एक नज़र