अमेरिका में रूसी विरोधियों को खत्म करने की साजिश का आरोप, 40 हजार डॉलर की सुपारी से मचा हड़कंप; ट्रंप प्रशासन को कैसे लगी भनक?
वॉशिंगटन: अमेरिका में रूस की खुफिया एजेंसियों के लिए काम करने वाले लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने मंगलवार को पांच लोगों के खिलाफ आरोप लगाए। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये लोग दुनिया के अलग-अलग हिस्सों और खास तौर पर अमेरिका में हमले और हत्या की साजिश रच रहे थे। उनके निशाने पर रूसी विरोधी बताए गए हैं।
40 हजार डॉलर में हत्या कराने का आरोप
ट्रंप प्रशासन के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी इलाके में रहने वाले एक रूसी व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश की गई। जांचकर्ताओं का आरोप है कि एक अमेरिकी नागरिक को 40 हजार डॉलर देने का प्रस्ताव दिया गया था, ताकि वह अमेरिका में रहने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दे या उसे गायब कर दे।
इसी तरह पिछले साल एक अन्य अमेरिकी नागरिक को 25 हजार डॉलर का लालच देकर लिथुआनिया में रहने वाले एक व्यक्ति की हत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
रूसी पिता-पुत्र समेत पांच लोगों पर आरोप
आरोपियों में 63 वर्षीय रूसी नागरिक यूरी ख्रामीव और उनका 27 वर्षीय बेटा किरिल ख्रामीव शामिल हैं। इनके अलावा क्यूबा के ओमिस रोमागोजा दुरुथी और याइडेल डेलगाडो सुआरेज, दोनों की उम्र 35 वर्ष है। पांचवें आरोपी के तौर पर 22 वर्षीय वेनेजुएला के एंजेल एडुआर्डो कास्त्रो का नाम सामने आया है।
इन पांचों पर पैसे लेकर आतंकवाद फैलाने की साजिश का मुकदमा चल रहा है। यूरी ख्रामीव, सुआरेज और कास्त्रो पर हत्या की साजिश में शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
रूसी विरोधियों की निगरानी और भर्ती का आरोप
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने पत्रकारों से कहा कि कथित साजिशों का दायरा रूसी विरोधियों पर नजर रखने से लेकर उनकी भर्ती और हत्या तक था। आरोप है कि इस नेटवर्क ने अमेरिका में कई लोगों को अपने साथ जोड़ा था। इनमें कुछ लोगों को रूसी असंतुष्टों की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
सभी आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर
मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई के डर से आरोपी अमेरिका छोड़कर चले गए। अमेरिकी अदालत में आरोपपत्र सार्वजनिक कर दिया गया है और अब जांच आगे बढ़ने के साथ संभावित गिरफ्तारियों का इंतजार है।
रूसी दूतावास ने नहीं दिया जवाब
इस पूरे मामले पर रूस के दूतावास की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। रूस इससे पहले भी विदेशी धरती, खासकर अमेरिका में इस तरह की साजिशों में शामिल होने के आरोपों से इनकार करता रहा है। फिलहाल अमेरिकी जांच और अदालत में चल रही कार्रवाई से इस मामले से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
