खाली पेट चाय-बिस्किट खाने की आदत पड़ सकती है भारी, एसिडिटी से लेकर इंसुलिन रेजिस्टेंस तक का बताया गया खतरा

0000000000000000000000000-5

नई दिल्ली: सुबह उठते ही चाय पीना और उसके साथ बिस्किट खाना कई लोगों की रोजमर्रा की आदत का हिस्सा है। कुछ लोगों को सिर्फ चाय पसंद होती है, जबकि कई लोग चाय के साथ बिस्किट खाना पसंद करते हैं। हालांकि, खाली पेट चाय और बिस्किट का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह आदत लंबे समय में पाचन तंत्र से जुड़ी कई परेशानियों का कारण बन सकती है।

चाय-बिस्किट का कॉम्बिनेशन क्यों माना जाता है नुकसानदायक

डाइटिशियन मनप्रीत कालरा ने इस कॉम्बिनेशन को लेकर जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, खाली पेट चाय-बिस्किट का सेवन बेली फैट, एसिडिटी, इंसुलिन रेजिस्टेंस और पेट से जुड़ी दूसरी परेशानियों से जुड़ा हो सकता है। खाली पेट चाय पीने की आदत पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकती है और कुछ लोगों में कब्ज जैसी समस्या भी बढ़ सकती है।

डाइटिशियन के अनुसार, चाय-बिस्किट का सेवन आयरन और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों के शरीर में अवशोषण को भी प्रभावित कर सकता है। बिस्किट में मौजूद चीनी के कारण चाय के साथ इसका असर शरीर पर और बढ़ने की बात कही गई है।

बिस्किट में मौजूद ये चीजें बढ़ा सकती हैं परेशानी

बिस्किट में प्रोसेस्ड शुगर के अलावा गेहूं का आटा और सेचुरेटेड फैट मौजूद होता है। इन चीजों का अधिक सेवन एसिडिटी जैसी परेशानी को बढ़ा सकता है। ऐसे में सुबह खाली पेट चाय के साथ बिस्किट खाने की आदत से बचने की सलाह दी जाती है।

हालांकि, हर व्यक्ति पर किसी खाद्य पदार्थ का असर एक जैसा नहीं होता। लगातार एसिडिटी, कब्ज या पाचन संबंधी परेशानी रहने पर डॉक्टर या योग्य आहार विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।

सुबह खाली पेट ले सकते हैं ये 5 विकल्प

अगर सुबह खाली पेट चाय पीने के बजाय कुछ और लेने की आदत डालना चाहते हैं, तो सौंफ का पानी, धनिया के बीज का पानी, एलोवेरा जूस, दालचीनी के साथ नारियल पानी और हलीम के बीज के साथ नारियल पानी को विकल्प के तौर पर बताया गया है। इनमें से किसी भी चीज को अपनी दिनचर्या में शामिल करने से पहले अपनी सेहत और खानपान की जरूरतों को ध्यान में रखना जरूरी है।

 

एक नज़र