भगत सिंह की जयंती पर CM योगी की ‘पाती’ में युवाओं के लिए खास संदेश, बोले- साहस सीखें, किताबों को बनाएं अपना मित्र
लखनऊ: अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। इसमें उन्होंने भगत सिंह के बलिदान और राष्ट्रनिष्ठा को याद करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को ज्ञान को अपनी ताकत बनाने, सीखने की ललक बनाए रखने और अपने संकल्प को कर्म से जोड़ने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि महज 23 वर्ष की उम्र में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने गुलामी की बेड़ियों में जकड़े भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
जाति-पाति और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्ति का संदेश
‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समाज को जाति-पाति, नशे और दूसरी सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों से मुक्त करने के लिए भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेने की जरूरत है।
भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन से युवाओं को सीखने की अपील
सीएम योगी ने भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन का उल्लेख करते हुए लिखा कि वे एक अध्येता थे और हिंदी, उर्दू, पंजाबी तथा अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के जानकार थे। उनके जीवन से युवाओं को ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की इच्छा को बनाए रखने और संकल्प को कर्म में बदलने की प्रेरणा मिलती है।
युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग दे रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए उद्यम स्थापित करने और रोजगार के अवसर पैदा करने तथा स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का उल्लेख किया।
हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी
‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तर प्रदेश में मौजूद ज्ञान के संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को ज्ञान तक आसानी से पहुंच मिल सके।
युवाओं से कहा- किताबों को बनाएं अपना मित्र
मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने, सवाल पूछने, नए विचारों को समझने और अपनी जिज्ञासा को लगातार जीवित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक किताब किसी युवा के जीवन में नया विचार पैदा कर सकती है और वही नया विचार पूरे समाज को नई दिशा देने का आधार बन सकता है।
