बैंक हड़ताल आज से होनी थी, फिर अचानक क्यों टल गई 3 दिन की स्ट्राइक? 5-डे वर्किंग समेत इन मांगों पर बनी सहमति की उम्मीद
नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार, 27 सितंबर को इसका ऐलान किया। यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) की ओर से बैंक यूनियनों की लंबित मांगों पर भरोसा दिलाए जाने के बाद लिया गया। इनमें हर शनिवार को छुट्टी और 5-डे वर्किंग की मांग प्रमुख है।
हड़ताल टालने का फैसला रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच हुई अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग के साथ यूनियनों की ओर से उठाए गए अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
3 दिन की बैंक हड़ताल क्यों टाली गई?
UFBU के मुताबिक, बातचीत के बाद IBA और UFBU के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक हाई-लेवल कमिटी गठित की जाएगी। यह कमिटी हर शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार करेगी। साथ ही, इसके लिए संभावित विकल्पों की जांच की जाएगी और सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा होगी।
कमिटी के सामने बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान तलाशने की जिम्मेदारी भी होगी, जिसे सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य बनाया जा सके।
अभी सिर्फ दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं बैंक
बैंक कर्मचारी यूनियन लंबे समय से 5-डे वर्किंग यानी सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की मांग कर रहे हैं। मौजूदा व्यवस्था के तहत बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। यूनियनों की मांग है कि सभी शनिवार को बैंक बंद रखे जाएं।
यह मांग मार्च 2024 में हुए वेतन समझौते का भी हिस्सा थी। हालांकि, इस प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई का इंतजार बना हुआ है।
PLI योजना पर भी होगी चर्चा
बैंक यूनियनों ने स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का मुद्दा भी उठाया है। UFBU के अनुसार, अब IBA के साथ इस योजना को लेकर बातचीत शुरू हो सकती है।
यूनियन और बैंक एसोसिएशन चाहते हैं कि सरकार को कोई प्रस्ताव भेजे जाने से पहले उनकी चिंताओं को दूर किया जाए और जरूरत के मुताबिक योजना में बदलाव पर विचार किया जाए।
दूसरे लंबित मुद्दों पर भी बातचीत जारी रहेगी
UFBU के मुताबिक, IBA और बैंक यूनियनें 8 मार्च 2024 को हुई चर्चाओं के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत करेंगी। अब इन चर्चाओं का मुख्य फोकस बाकी मांगों को जल्द सुलझाने पर रहेगा।
28 से 30 सितंबर तक खुले रहेंगे बैंक
तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित होने के बाद देशभर में बैंक 28, 29 और 30 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे। प्रस्तावित हड़ताल सोमवार 28 सितंबर से शुरू होनी थी और यह बैंकों के छमाही क्लोजिंग पीरियड के दौरान पड़ रही थी।
हड़ताल शनिवार और रविवार की लगातार दो छुट्टियों के ठीक बाद प्रस्तावित थी। ऐसे में अगर स्ट्राइक होती तो बैंकिंग से जुड़े कई जरूरी कामों पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ सकता था।
हाई-लेवल कमिटी की बातचीत पर रहेगी नजर
प्रस्तावित हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देने के लिए रविवार, 27 सितंबर को भी तमाम सरकारी बैंकों की शाखाएं खोली गई थीं। अब हाई-लेवल कमिटी और IBA के साथ बैंक यूनियनों की आगे होने वाली बातचीत अहम होगी। इसमें 5-डे वर्किंग बैंकिंग वीक, सभी शनिवार को छुट्टी, PLI योजना और अन्य लंबित मांगों पर चर्चा की जाएगी।
