यूपी स्कॉलरशिप के लिए फटाफट करें आवेदन! 15 अक्टूबर और 31 अक्टूबर है आखिरी मौका, OTR के बिना नहीं मिलेगा लाभ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पढ़ाई कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप को लेकर जरूरी अपडेट है। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति और फीस वापसी योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन जारी हैं। कक्षा 11वीं, 12वीं से लेकर UG, PG, ITI, डिप्लोमा और अन्य पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले पात्र छात्र तय समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा कर लें।
अंतिम तारीख नजदीक होने के कारण छात्रों को आवेदन में देरी नहीं करनी चाहिए। अंतिम समय में सर्वर डाउन या तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए छात्र समय रहते अपना फॉर्म पूरा कर सकते हैं।
रिन्यूअल और फ्रेश आवेदन की अलग-अलग तारीख
पोस्ट-मैट्रिक रिन्यूअल के तहत कक्षा 11वीं, 12वीं, UG, PG, ITI, डिप्लोमा और अन्य कोर्स के वे छात्र आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें पहले स्कॉलरशिप मिल चुकी है और अब वे अगली कक्षा में प्रमोट हुए हैं। ऐसे छात्रों के लिए ऑनलाइन रिन्यूअल आवेदन की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर 2026 है।
वहीं, पहली बार उच्च शिक्षा या किसी नए कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए फ्रेश आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
हार्ड कॉपी जमा करने की भी तय है तारीख
ऑनलाइन आवेदन पूरा करने और फॉर्म को फाइनल लॉक करने के बाद छात्रों को इसकी हार्ड कॉपी भी जमा करनी होगी। आवश्यक दस्तावेजों के साथ हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में 4 नवंबर 2026 तक जमा की जा सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन, क्या है आय सीमा?
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्र का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना जरूरी है। पारिवारिक आय की बात करें तो SC और ST वर्ग के छात्रों के परिवार की सालाना आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं सामान्य, OBC, अल्पसंख्यक और EWS वर्ग के लिए पारिवारिक आय सीमा 2 लाख रुपये तय की गई है।
छात्र का बैंक खाता उसके अपने नाम पर होना चाहिए। यह खाता आधार कार्ड से सीडेड होने के साथ NPCI मैपिंग के जरिए एक्टिव भी होना जरूरी है, ताकि स्कॉलरशिप की राशि सीधे DBT के माध्यम से खाते में भेजी जा सके।
OTR और डिजीलॉकर वेरिफिकेशन हुआ अनिवार्य
इस सत्र से उत्तर प्रदेश स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन-टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR और डिजीलॉकर वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन करने वाले छात्रों को पहले OTR की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद पोर्टल पर लॉगिन करके स्कॉलरशिप फॉर्म भरना होगा।
आवेदन के लिए छात्रों के पास आधार कार्ड, उत्तर प्रदेश का निवास प्रमाण पत्र, नया आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की मार्कशीट, वर्तमान वर्ष की नॉन-रिफंडेबल फीस रसीद, कॉलेज का इनरोलमेंट नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो होना जरूरी है।
ऐसे पूरा करें आवेदन
छात्र सबसे पहले scholarship.up.gov.in पर जाकर OTR प्रक्रिया पूरी करें। इसके बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी ध्यान से भरें। फॉर्म को फाइनल लॉक करने के बाद उसका प्रिंट आउट निकालें और जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज या शिक्षण संस्थान में जमा कर दें।
