नाना पाटेकर ने की थी यूपी सरकार की तारीफ, केशव प्रसाद मौर्य ने याद किया वो किस्सा; बोले- उनकी कमी पूरी नहीं हो सकती
लखनऊ: मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर उत्तर प्रदेश में भी शोक की लहर है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने वरिष्ठ अभिनेता के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनका जाना बेहद दुखद है और उनकी कमी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने नाना पाटेकर की फिल्मों को याद करते हुए कहा कि उनके अभिनय में मनोरंजन के साथ राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा का संदेश भी देखने को मिलता था।
केशव मौर्य ने नाना पाटेकर की फिल्मों को लेकर क्या कहा?
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में नाना पाटेकर के निधन को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर की फिल्में बड़े संदेश देती थीं। उन्होंने कहा कि वह फिल्में ज्यादा नहीं देखते, लेकिन नाना पाटेकर ऐसे अभिनेता थे जिनकी फिल्मों को कई बार देखने पर राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और मनोरंजन तीनों का अनुभव होता था।
उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर की फिल्मों में इन तीनों का मिश्रण देखने को मिलता था। उनके जाने पर हम उन्हें नमन करते हैं। उनकी कमी पूरी नहीं की जा सकती।
यूपी की कानून व्यवस्था की तारीफ को भी किया याद
केशव प्रसाद मौर्य ने नाना पाटेकर की उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर की गई तारीफ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने यूपी की तारीफ इसलिए की थी, क्योंकि आज उत्तर प्रदेश अपने आप को सुरक्षित महसूस करता है और यहां कानून का राज है।
नाना पाटेकर हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच साझा किया था और प्रदेश की कानून व्यवस्था की तारीफ की थी।
‘खाकी का सितारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे नाना पाटेकर
नाना पाटेकर यूपी पुलिस की ओर से जारी ‘खाकी का सितारा’ थीम सॉन्ग के विमोचन समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यूपी पुलिस के डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी तारीफ की थी।
उन्होंने कहा था कि एक्टर के पास रीटेक का मौका होता है, लेकिन मौके पर अपराधी के सामने खड़े पुलिसकर्मी के पास रीटेक का कोई मौका नहीं होता।
नाना पाटेकर ने कहा था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की प्रगति, कानून व्यवस्था के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास और प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी की भी सराहना की थी।
यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी जताया दुख
नाना पाटेकर के निधन पर यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का समाचार बेहद दुखद है। अपने सशक्त और बहुआयामी अभिनय के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई और दर्शकों के मन में अमिट छाप छोड़ी।
डीजीपी ने बताया कि नाना पाटेकर ने यूपी पुलिस की साइबर जागरूकता लघु फिल्म ‘स्कैम फाइल्स: डिजिटल अरेस्ट’ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया था। उन्होंने लोकार्पण समारोह को याद करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए वह हृदय से आभारी हैं।
डीजीपी ने कहा कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ नाना पाटेकर की यह प्रस्तुति उनकी अंतिम सार्वजनिक प्रस्तुति के रूप में हमेशा याद की जाएगी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों और नाना पाटेकर के असंख्य प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
