बिहार में पति के सामने पत्नी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने कुछ घंटों में 8 आरोपियों को पकड़ा

symbolic-image

बिहार डेस्क: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक दंपति को सुनसान रास्ते पर रोककर मारपीट करने और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पति के साथ मारपीट की और उसकी आंखों के सामने ही पत्नी को जबरन अपने साथ ले गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कथित तौर पर शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सुनसान रास्ते पर दंपति को रोका, फिर महिला को ले गए

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली थी कि शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र में भटहां गांव के पास कुछ युवकों ने एक दंपति को सुनसान रास्ते पर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की और फिर महिला को जबरन अपने साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस के अनुसार, वारदात पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया सरेह स्थित एक बगीचे में हुई। यह स्थान लालगढ़ के जिम्मी सिंह टोला के पास बताया गया है।

संयुक्त कार्रवाई में आठ आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मधुबन थाना पुलिस ने जांच शुरू की। इस कार्रवाई में शिवहर जिले की श्यामपुर भटहां थाना पुलिस का भी सहयोग लिया गया।

दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।

पीड़िता के बयान पर दर्ज हुआ मामला

मोतिहारी पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर मधुबन थाने में कांड संख्या 363/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक नज़र