रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1250 पदों पर भर्ती का ऐलान, 27 अक्टूबर से आवेदन; उम्र सीमा और परीक्षा के नियम भी बदले

Railway_Recruitment_Station_Mast

नई दिल्ली: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती का रास्ता खुल गया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने स्टेशन मास्टर के 1250 पदों पर नियुक्ति के लिए केंद्रीकृत रोजगार सूचना सीईएन 08/2026 का सांकेतिक नोटिस जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 25 नवंबर 2026 तक चलेगी। इनमें करीब 100 पद आरआरबी प्रयागराज के माध्यम से भरे जाने की संभावना है। इस भर्ती को एनटीपीसी स्नातक स्तर की भर्ती प्रक्रिया से अलग रखा गया है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी।

आवेदन से पहले आधार कार्ड की जानकारी जरूर जांच लें

रेलवे स्टेशन मास्टर का पद सातवें वेतन आयोग के पे-लेवल छह के अंतर्गत आता है। भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड में दर्ज अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि हाईस्कूल प्रमाणपत्र में दी गई जानकारी से मिलानी होगी। दोनों दस्तावेजों में अंतर होने पर आवेदन से पहले आधार विवरण में सुधार कराने की सलाह दी गई है। इसके अलावा नवीनतम फोटो और बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट रखनी होगी। आवेदन आरआरबी के आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in के माध्यम से किए जा सकेंगे।

स्टेशन मास्टर भर्ती की जिम्मेदारी पहली बार अजमेर आरआरबी को

इस बार स्टेशन मास्टर भर्ती परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी पहली बार आरआरबी अजमेर को सौंपी गई है। देशभर में रेलवे भर्ती बोर्ड के 21 बोर्ड हैं। ऐसे में सभी बोर्डों से संबंधित अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित करना अजमेर आरआरबी के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी। इससे पहले स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती एनटीपीसी स्नातक स्तर की भर्ती प्रक्रिया के तहत होती थी, लेकिन इस वर्ष से इस पद को एनटीपीसी भर्ती से अलग कर दिया गया है।

न्यूनतम उम्र 18 से बढ़ाकर 20 साल, अधिकतम सीमा 30 वर्ष

रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती के लिए आयु संबंधी पात्रता नियमों में बदलाव किया है। न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष कर दी गई है। हालांकि, अधिकतम आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसे 30 वर्ष ही रखा गया है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी।

अब दो के बजाय एक ही कंप्यूटर आधारित परीक्षा

रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर भर्ती में दो चरणों वाली लिखित परीक्षा की व्यवस्था समाप्त करने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थियों को सीबीटी-1 और सीबीटी-2 के बजाय एक ही चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) देनी होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसे पूरा करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।

परीक्षा में बेसिक साइंस, गणित और डेटा विश्लेषण से संबंधित 60 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। लॉजिकल कैपेबिलिटी के 20 अंक और मेंटल रीजनिंग के 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर रिक्त पदों की संख्या के आठ गुना अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी) के लिए बुलाया जाएगा।

अंतिम मेरिट सूची तैयार करते समय लिखित परीक्षा के अंकों को 70 प्रतिशत और सीबीएटी के अंकों को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत एक-एक अनुपात में अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा। आवेदन के लिए स्नातक की योग्यता जरूरी होगी। पद का वेतनमान पे-लेवल छह और निर्धारित चिकित्सा मानक ए-2 रहेगा।

आइसोलेटेड और मिनिस्ट्रियल श्रेणी के 195 पदों पर भी भर्ती

रेलवे भर्ती बोर्ड ने आइसोलेटेड एवं मिनिस्ट्रियल कैटेगरी के 195 पदों पर भर्ती के लिए सीईएन 09/2026 का संक्षिप्त नोटिस भी जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। इसमें हिंदी-अंग्रेजी स्टेनोग्राफर, जूनियर ट्रांसलेटर, स्टाफ एवं वेलफेयर इंस्पेक्टर, मुख्य विधि सहायक और प्रयोगशाला सहायक समेत विभिन्न पद शामिल हैं।

इन पदों का वेतनमान सातवें वेतन आयोग के पे-लेवल दो से सात तक निर्धारित है। अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। इस भर्ती का विस्तृत विज्ञापन भी जल्द जारी होने की संभावना है।

ग्रुप डी भर्ती के लिए 26 अक्टूबर से दस्तावेज सत्यापन

प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के रेल भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) ने ग्रुप डी भर्ती 2024 के चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह प्रक्रिया 26 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं।

पहली सूची में कुल 2020 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है, जबकि इनमें से 2015 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है। अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के लिए 25 और 27 नवंबर को ब्लॉक तिथियां निर्धारित की गई हैं। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के लिए अभ्यर्थियों को अपना मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

सहायक लोको पायलट भर्ती का एप्टीट्यूड टेस्ट 30 अक्टूबर को

रेलवे भर्ती बोर्ड ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) भर्ती 2025 के तहत कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी) की तारीख भी घोषित कर दी है। परीक्षा 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर पर्ची जारी कर दी गई है। वे आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करके अपने परीक्षा शहर और तारीख की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस भर्ती के तहत रेलवे में कुल 10,970 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें आरआरबी प्रयागराज के 588 पद शामिल हैं। परीक्षा के ई-कॉल लेटर निर्धारित परीक्षा तिथि से चार दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे।

एक नज़र