बिजली उपभोक्ताओं को गलत बिल से मिलेगी राहत! यूपी में नया पोर्टल लागू, अब इन गड़बड़ियों पर अपने आप लगेगी रोक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बिजली कनेक्शनधारकों को गलत मीटर रीडिंग और अचानक आने वाले भारी-भरकम बिलों से राहत मिलने वाली है। बिजली बिलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए नया ‘मीटर रीड रिव्यू एंड बिलिंग पोर्टल’ लागू कर दिया गया है। इसके जरिए तकनीकी कारणों से रोके गए बिलों की समीक्षा कर उन्हें जारी किया जा सकेगा। बिजली विभाग ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए सभी जोन में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी जारी कर दी है।
नए पोर्टल की खासियत यह है कि बिल जनरेट करते समय सिस्टम खुद तय मानकों के आधार पर जांच करेगा। यदि मीटर रीडिंग, बिजली की खपत या बकाया राशि निर्धारित सीमा से बाहर पाई जाती है, तो बिल अपने आप होल्ड हो जाएगा। इससे गड़बड़ी वाले बिल सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले ही रोके जा सकेंगे।
इन स्थितियों में अपने आप रुक जाएगा बिजली बिल
नए नियमों के तहत बिल जनरेट करते समय ‘फ्रीज या कम्प्लीट’ बटन दबाने पर सॉफ्टवेयर कई मानकों की जांच करेगा। यदि किसी उपभोक्ता के खाते में 15 हजार रुपये से अधिक की अग्रिम जमा राशि है, यानी बकाया माइनस 15 हजार रुपये से कम है, तो सिस्टम बिल को होल्ड कर देगा।
इसी तरह यदि बिजली की दैनिक खपत प्रति किलोवाट 24 यूनिट या प्रति केवीए 26.67 यूनिट से अधिक दर्ज होती है, तो भी बिल तत्काल रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, वर्तमान बिल 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट प्रति माह से ज्यादा होने या कुल बकाया 5 लाख रुपये प्रति किलोवाट प्रति माह से अधिक होने पर भी सॉफ्टवेयर बिल जारी नहीं होने देगा।
मैक्सिमम डिमांड के नाम पर मनमानी पर लगेगी रोक
नए पोर्टल से मीटर की तकनीकी खराबी या गलत रीडिंग के कारण अधिकतम मांग (MDI) के नाम पर लगने वाले भारी जुर्माने से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कई मामलों में मीटर की गड़बड़ी के चलते वास्तविक कनेक्शन क्षमता से कई गुना ज्यादा अधिकतम लोड दर्ज हो जाता था। उदाहरण के तौर पर, 2 किलोवाट के घरेलू कनेक्शन पर 15 या 20 किलोवाट तक लोड दिखाकर उपभोक्ता के बिल में भारी पेनल्टी जोड़ दी जाती थी।
नई व्यवस्था में अधिकतम लोड की सीमा तय कर दी गई है। यदि किसी उपभोक्ता का कनेक्शन 4 किलोवाट तक का है, तो सॉफ्टवेयर 14 किलोवाट या उससे अधिक की मैक्सिमम डिमांड को स्वीकार नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में बिल को होल्ड कर दिया जाएगा, ताकि उसकी जांच की जा सके।
अचानक हजारों रुपये का गलत बिल आया तो क्या होगा?
मान लीजिए किसी घर में 2 किलोवाट का बिजली कनेक्शन है और हर महीने बिल करीब 1,500 से 2,000 रुपये के बीच आता है। लेकिन मीटर रीडिंग में गलती के कारण अचानक 25 हजार रुपये का बिल बन जाता है। पहले ऐसे बिल उपभोक्ता को जारी हो जाते थे और उन्हें सुधार कराने के लिए बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
नई व्यवस्था में इस तरह की गड़बड़ी पर बिलिंग सिस्टम पहले ही रोक लगा देगा। नियम के मुताबिक 2 किलोवाट के कनेक्शन पर एक महीने का बिल 20 हजार रुपये से अधिक होने पर सॉफ्टवेयर उसे होल्ड कर देगा। इसी तरह रोजाना की खपत 48 यूनिट से ज्यादा दर्ज होने पर भी बिल जारी नहीं होगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य गलत रीडिंग, असामान्य खपत और तकनीकी गड़बड़ियों के कारण बनने वाले बिलों की समय रहते जांच करना है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी और भारी बिलों से बचाया जा सके।
