UP Budget: महिलाओं और किसानों के लिए खुल सकता है सौगातों का पिटारा, योगी सरकार लाएगी 50 हजार करोड़ से बड़ा अनुपूरक बजट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार महिलाओं और किसानों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। सरकार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश कर सकती है। करीब 15 दिसंबर के आसपास पेश होने वाले इस बजट का आकार 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है। इसमें महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नई योजना और किसानों के लिए राहत पैकेज का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए भी अतिरिक्त धनराशि आवंटित की जा सकती है।
महिलाओं के स्वरोजगार के लिए नई योजना की तैयारी
दूसरे अनुपूरक बजट को लेकर वित्त विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगे जाने हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज लाने के संकेत दिए थे। उन्होंने महिलाओं से इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहने और यह तय करने को कहा था कि वे कौन-सा काम शुरू करना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की योजना बना सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला बजट प्रस्तावों और सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
किसानों के लिए राहत पैकेज का भी संकेत
महिलाओं के साथ किसानों को भी दूसरे अनुपूरक बजट से उम्मीदें हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी कार्यक्रम में किसानों के लिए राहत पैकेज लाने के संकेत दिए थे। ऐसे में बजट में किसानों के हित से जुड़ी योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान हो सकता है।
इसके साथ ही प्रदेश में पहले से संचालित विकास कार्यों और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए भी विभिन्न विभागों को अतिरिक्त बजट दिया जा सकता है।
दूसरे अनुपूरक बजट के बाद 10 लाख करोड़ के पार होगा बजट
योगी सरकार चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पहले ही 59 हजार करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पेश कर चुकी है। इस वित्तीय वर्ष का मूल बजट 9.12 लाख करोड़ रुपये का है। अब यदि दूसरा अनुपूरक बजट 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का आता है, तो राज्य के कुल बजट का आकार 10 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगा।
पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के शीतकालीन सत्र में दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया था। उस समय इसका आकार 8,479.53 करोड़ रुपये था।
