बहन के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह, दोस्तों के साथ मिलकर युवक को मार डाला; नहर में फेंका शव
कंकरखेड़ा क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित सिंधावली गांव का रहने वाला रोहित एक नवंबर से लापता था। परिजनों ने पांच नवंबर को कंकरखेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
जांच में सामने आया कि रोहित का गांव की ही एक लड़की से करीब एक साल से प्रेम संबंध था। लड़की वाल्मीकि समाज से थी, जबकि रोहित जाटव समाज से ताल्लुक रखता था। गांव के लोगों को दोनों के रिश्ते की जानकारी थी। इस वजह से लड़की के भाई को अक्सर ताने सुनने पड़ते थे। बताया गया कि वह इससे परेशान था और कई बार रोहित को भी संबंध खत्म करने के लिए समझा चुका था।
दोस्त ने शराब पीने के बहाने बुलाया
पुलिस के अनुसार, लड़की के भाई ने इस मामले की जानकारी दसवीं में पढ़ने वाले अपने चचेरे भाई को दी। चचेरे भाई ने अपने तीन दोस्तों को बताया। इन लोगों में रोहित का एक दोस्त भी शामिल था। इसके बाद सभी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
एक नवंबर को रोहित के दोस्त ने फोन कर उसे कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर बुलाया। रोहित के पहुंचने पर आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को बाइक पर ले जाकर गंगनहर में फेंक दिया।
पुलिस की जांच में एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई, जिसमें आरोपी रोहित के शव को ले जाते दिखाई दिए। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जतिन समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग हैं। हालांकि, लड़की का सगा भाई अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
शव की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ का 16 घंटे अभियान
रोहित का शव बरामद करने के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीम गंगनहर में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। जानी क्षेत्र से नाव के जरिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। सोमवार को करीब आठ घंटे तक तलाश की गई, जबकि मंगलवार को भी पूरे दिन टीमें अभियान में जुटी रहीं।
करीब 16 घंटे की तलाश के बावजूद रोहित का शव नहीं मिल सका। पुलिस ने गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों को अलर्ट किया है। दो नवंबर से अब तक गंगनहर और उससे जुड़े रजवाहों में मिले सभी शवों के बारे में जानकारी मांगी गई है। मंगलवार देर शाम अभियान रोक दिया गया। अब बुधवार को फिर से तलाश शुरू की जाएगी।
