‘चाचा शिवपाल को बार-बार गच्चा दे रहे अखिलेश’, ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर साधा निशाना
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव लगातार अपने चाचा शिवपाल यादव को पार्टी में किनारे करने का काम कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि चाहे सीट बंटवारे की कमेटी हो या राममनोहर लोहिया ट्रस्ट का मामला, हर जगह शिवपाल यादव को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अंबेडकरनगर में मंगलवार को एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के लिए बनाई गई कमेटी में शिवपाल यादव को शामिल नहीं किए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भतीजा बार-बार चाचा को गच्चा दे रहा है।
शिवपाल यादव की भूमिका को बताया अहम
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के बाद अगर किसी नेता ने समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और ऊंचाई तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है तो वह शिवपाल यादव हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव उन्हें लगातार किनारे करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों का असर पार्टी पर भी पड़ सकता है। राजभर के मुताबिक शिवपाल यादव को लगातार नजरअंदाज करने से समाजवादी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
आजम खान और ओवैसी की राजनीति पर भी बोले राजभर
सपा नेता आजम खान और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच चल रही बयानबाजी को लेकर भी ओम प्रकाश राजभर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान मुस्लिम समाज को शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसरों से आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते।
राजभर ने कहा कि ओवैसी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अमन-चैन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों की बात करते हैं, जबकि आजम खान नफरत की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।
भाजपा की नीतियों का किया बचाव
मुस्लिम समाज और भाजपा को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि लोगों के बीच यह धारणा बनाई गई है कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल जो बातें करते हैं, वे पूरी तरह सही नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम करती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को बिना भेदभाव के मिल रहा है। राजभर ने दावा किया कि मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग भी भाजपा की विकास नीति को समझ रहे हैं और पार्टी के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं।
