मेरठ में अमेरिकी कंपनी का मेगा निवेश, 2913 करोड़ के प्लांट से बदलेगी औद्योगिक तस्वीर; CM योगी करेंगे शिलान्यास
मेरठ: गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे में बुधवार को एक बड़े निवेश की शुरुआत होने जा रही है। अमेरिकी कंपनी बाल बेवरेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड यहां 2913 करोड़ रुपये की लागत से एल्युमीनियम बेवरेज कैन निर्माण प्लांट स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास करेंगे।
इस परियोजना को उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्लांट शुरू होने के बाद करीब 298 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और सप्लाई चेन को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
1.59 लाख वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा प्लांट
बाल बेवरेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से 1,59,028 वर्ग मीटर का भूखंड आवंटित किया गया है। कंपनी और प्राधिकरण के बीच इस जमीन की 90 साल की लीज डीड सोमवार को पूरी हुई।
कंपनी के एशिया रीजनल हेड शुभेंदु कुमार मिश्रा के साथ लीज संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
बुधवार सुबह 10 बजे भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद होने वाले समारोह में औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई और निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंदगोपाल नंदी, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में मेरठ से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सांसद अरुण गोविल और राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत बाजपेयी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार
भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह स्थल पर जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है, जहां करीब 350 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद सिंह, सीओ एलआईयू अंजू सिंह और सीएचसी खरखौदा प्रभारी डॉ. प्रफुल्ल वर्मा ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए डीएवी कॉलेज में सेफ हाउस और सीएचसी खरखौदा में सेफ हॉस्पिटल की व्यवस्था की गई है। साथ ही दो एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीम को मौके पर तैनात रखा जाएगा।
जमीन देने वाले 70 किसानों को भी बुलाया गया
प्लांट के लिए जमीन देने वाले ग्राम बिजौली के 70 किसानों को भी भूमि पूजन कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। हालांकि छतरी खड़खड़ी और गोविंदपुर के किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।
किसानों का कहना है कि वे भूमि पूजन स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री या अन्य मुख्य अतिथियों को ज्ञापन सौंपेंगे। उनकी मांग है कि जमीन का मुआवजा बाजार मूल्य के आधार पर दिया जाए। किसानों ने बताया कि उनका आंदोलन पिछले दो वर्षों से जारी है।
