भगवा-सफेद रंग में दिखी देश की पहली बुलेट ट्रेन की झलक, रेल मंत्रालय की तस्वीर वायरल, हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट में तेज़ी

Bullet-Train_V_jpg--1280x720-4g

मुंबई: देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत तैयार हो रही बुलेट ट्रेन की पहली झलक रेल मंत्रालय के गेट नंबर 4 पर प्रदर्शित की गई है, जिसकी तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। यह प्रोजेक्ट देश की परिवहन व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

हाई स्पीड और आधुनिक तकनीक से लैस होगी ट्रेन
इस बुलेट ट्रेन को बेहद स्मूद राइड, कम शोर और हाई स्पीड यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी ऑपरेशनल स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है, जो इसे देश की सबसे तेज रेल सेवा बनाएगी। शुरुआती योजना के अनुसार, इस साल सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

निर्माण कार्य में तेजी, कई स्टेशनों का काम पूरा
परियोजना की प्रगति को लेकर इस साल फरवरी में संसद में जानकारी देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि 12 में से 8 स्टेशनों की नींव का काम पूरा हो चुका है। इनमें सूरत, भरूच, आनंद, वापी, बिलिमोरा, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती स्टेशन शामिल हैं। इसके साथ ही बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में सिविल कार्य भी लगातार जारी है।

सुरंग और पुल निर्माण में अहम प्रगति
परियोजना में करीब 90 प्रतिशत से अधिक खुदाई का काम पूरा हो चुका है। कंक्रीट कार्य अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रहा है और बेसमेंट स्लैब का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। समुद्र के नीचे बनने वाली 21 किलोमीटर लंबी सुरंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। वहीं, परियोजना के तहत अब तक 17 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि ताप्ती, माही, नर्मदा और साबरमती नदियों पर पुल निर्माण अंतिम चरण में है। महाराष्ट्र में चार अन्य नदी पुलों पर काम जारी है।

भगवा और सफेद रंग में दिखा आधुनिक डिजाइन
रेल मंत्रालय के गेट नंबर 4 पर लगाए गए विजुअल्स में बुलेट ट्रेन को भगवा और सफेद रंग में प्रदर्शित किया गया है। इस डिजाइन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है और तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है।

स्वदेशी तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
इस हाई स्पीड रेल परियोजना के तहत स्वदेशी तकनीक और निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड के सहयोग से 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले हाई स्पीड ट्रेन सेट का डिजाइन और निर्माण किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य देश में हाई स्पीड रेल तकनीक को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता कम करना है।

यह परियोजना भारत में आधुनिक रेल परिवहन की दिशा में एक बड़े बदलाव के रूप में देखी जा रही है।

 

एक नज़र