लखनऊ में पराक्रम का भव्य प्रदर्शन, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के बीच दिखी भारतीय सेना की ताकत और बदलते उत्तर प्रदेश की झलक
लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस पर लखनऊ की सड़कों पर देश की सैन्य शक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम देखने को मिला। विधानभवन के सामने जब इन्फेंट्री व्हीकल बीएमपी-2 सारथ की गड़गड़ाहट गूंजी तो पूरा माहौल रणभूमि जैसा हो गया। वहीं सेना और सशस्त्र बलों की मार्चिंग टुकड़ियों के बूटों की एकसाथ पड़ी धमक ने दर्शकों में रोमांच भर दिया।
सेना की कदमताल और देशभक्ति धुनों ने बढ़ाया उत्साह
ब्रास बैंड से निकली देशभक्ति की धुन ‘डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ ने हर किसी का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की गौरवशाली यात्रा को जन भवन सचिवालय की झांकी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। परेड के दौरान भारत की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता की भी प्रभावशाली झलक देखने को मिली।
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, ऐतिहासिक क्षण कैमरों में कैद
जैसे ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई, पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। हर कोई इस ऐतिहासिक क्षण को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के आगमन पर ध्वजारोहण किया गया, जिसके तुरंत बाद परेड ने विधानभवन की ओर कदम बढ़ाए।
मेजर ओंकार निशांत के नेतृत्व में शानदार मार्च पास्ट
परेड का नेतृत्व कर रहे मेजर ओंकार निशांत ने मंच के सामने पहुंचते ही सलामी दी। इसके बाद 16 राजपूत रेजिमेंट के मार्चिंग दल ने मार्च पास्ट किया। जाट और सिख लाइट इन्फेंट्री के संयुक्त ब्रास बैंड, 6/11 गोरखा राइफल्स के मार्चिंग दल और 6/11 व 3/5 गोरखा राइफल्स के पाइप बैंड की मधुर धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अर्धसैनिक बलों और पुलिस की दमदार मौजूदगी
इसके बाद आईटीबीपी की मार्चिंग और बैंड टुकड़ी, सीआरपीएफ और एटीएस, उत्तर प्रदेश पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, हरियाणा पुलिस, उत्तर प्रदेश वन विभाग, पीएसी की 32वीं और 35वीं बटालियन, यूपी होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी और कैप्टन मनोज पांडेय यूपी सैनिक स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों के कुल 65 मार्चिंग और बैंड दलों ने परेड की शोभा बढ़ाई।
स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने मोहा मन
सेंट जोसेफ कॉलेज राजाजीपुरम, लखनऊ पब्लिक कॉलेज सहारा स्टेट, बाल विद्या मंदिर चारबाग, एसआर ग्लोबल बख्शी का तालाब, सिटी मांटेसरी स्कूल राजाजीपुरम प्रथम, बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी, उम्मीद संस्था और संस्कृति विभाग की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक रंग भर दिए।
13 झांकियों में दिखा नया भारत और नया उत्तर प्रदेश
परेड में कुल 13 झांकियों के जरिए बदलते उत्तर प्रदेश की झलक दिखाई गई। लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज ने ‘नए हिंदुस्तान का नया शौर्य’ थीम, पर्यटन निदेशालय ने कालिंजर किला और बुंदेलखंड की सांस्कृतिक धरोहर, इरम एजुकेशनल सोसाइटी ने ‘नया भारत: आत्मनिर्भर और विकसित भारत’ और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ की झांकी प्रस्तुत की।
विकास, संस्कृति और पर्यावरण का संदेश
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने पीपीपी मॉडल से बदले बस स्टेशनों की झलक, भारत स्काउट एंड गाइड ने स्थापना के 75 वर्ष, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला, कृषि निदेशालय ने ड्रोन तकनीक का उपयोग, उद्यान विभाग ने छत पर बागबानी, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने संस्कृत शिक्षा और वन एवं वन्यजीव विभाग ने ग्रीन चौपाल की अवधारणा को दर्शाया। राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की झांकी में नमामि गंगे के तहत गंगा सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
