शादी के 12 साल बाद प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी दो बच्चों की मां, पति ने बच्चों के साथ लौटकर लिया चौंकाने वाला फैसला

woman-(2)-1770891609408_v

निगोहां में एक किसान द्वारा पत्नी के लापता होने की शिकायत के बाद शुरू हुआ मामला उस वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब पुलिस जांच में सामने आया कि महिला पूरी तरह सुरक्षित है और अपने प्रेमी रिश्तेदार के साथ रह रही थी। पुलिस की काउंसलिंग के दौरान महिला ने पति के साथ घर लौटने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पति ने भी ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।

लापता होने की शिकायत से हत्या की आशंका तक
पुलिस के मुताबिक निगोहां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने कुछ दिन पहले थाने में तहरीर दी थी। उसने पत्नी के अचानक गायब होने पर अनहोनी की आशंका जताई थी और यहां तक कहा था कि कहीं उसकी हत्या कर शव ठिकाने न लगा दिया गया हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

मोबाइल सर्विलांस से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और रिश्तेदारों से पूछताछ के जरिए महिला की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पता चला कि महिला बंथरा इलाके में अपने एक प्रेमी रिश्तेदार के यहां रह रही है। पुलिस टीम ने महिला को बरामद कर निगोहां थाने लाया।

काउंसलिंग में पति संग जाने से इनकार
थाने में अधिकारियों की मौजूदगी में महिला की काउंसलिंग कराई गई। इस दौरान महिला ने स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी और अब पति के साथ नहीं रहना चाहती। महिला ने बताया कि शादी के 12 साल बाद वह अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताना चाहती है और अपने फैसले पर अडिग है।

पति रहा खामोश, फिर लिया बड़ा फैसला
पत्नी की बात सुनकर पति कुछ देर तक थाने में खामोश बैठा रहा। पुलिस और परिजनों ने उसे बच्चों और परिवार का हवाला देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला अपने निर्णय से पीछे नहीं हटी। आखिरकार पति ने पत्नी की इच्छा को स्वीकार कर लिया और उसे उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।

बच्चों को साथ लेकर घर लौटा पति
पति अपने 11 वर्षीय बेटे और बेटी को साथ लेकर घर लौट गया। इसके साथ ही उसने पत्नी की गुमशुदगी और हत्या की आशंका को लेकर दर्ज कराई गई शिकायत भी वापस ले ली। इस पूरे घटनाक्रम के बाद थाने परिसर में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

पुलिस का क्या कहना है?
मामले में एसआई आनंद सिंह ने बताया कि महिला बालिग है और उसने अपनी मर्जी से फैसला लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जाने दिया गया है, क्योंकि कानूनन महिला को अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले लेने का पूरा अधिकार है।

 

एक नज़र