महादेव की शरण में अनन्या पांडे: माथे पर चंदन, ‘हर-हर महादेव’ कैप्शन ने जीता फैंस का दिल
बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी सादगी और आस्था से भरा सोशल मीडिया पोस्ट है। हाल ही में अनन्या ने भगवान शिव के दर्शन करते हुए अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह महादेव की भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। माथे पर चंदन लगाए अनन्या का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
शिव के दरबार में टेका माथा
अनन्या पांडे हाल ही में एक शिव मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने महादेव के आगे सिर झुकाकर पूजा-अर्चना की। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में अनन्या भक्ति में डूबी दिखाई दे रही हैं। एक तस्वीर में वह मंदिर में भगवान शिव के सामने नतमस्तक हैं, जबकि दूसरी फोटो में वह अपनी कार में बैठी माथे पर लगा चंदन फ्लॉन्ट करती नजर आईं।
‘हर-हर महादेव’ कैप्शन पर फैंस का प्यार
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए अनन्या पांडे ने कैप्शन में लिखा, ‘हर-हर महादेव’। बस फिर क्या था, फैंस ने भी कमेंट सेक्शन में ‘हर हर महादेव’ और ‘ओम नमः शिवाय’ लिखकर अपनी आस्था और प्यार जाहिर कर दिया। अभिनेत्री का यह सादा और आध्यात्मिक अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला फिल्मी जादू
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनन्या पांडे हाल ही में कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आई थीं। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को क्रिसमस के मौके पर रिलीज हुई थी। शुरुआती वीकेंड में फिल्म ने करीब 23 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन इसके बाद बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार थम गई। 15 दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 32 करोड़ रुपये तक ही पहुंच सका, जबकि इसका बजट करीब 90 करोड़ बताया गया है।
अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में दिखेगा नया अंदाज
फिल्म के बाद अब अनन्या पांडे करण जौहर की अगली रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ में लक्ष्य लालवानी के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा वह वेब सीरीज ‘कॉल मी बे 2’ में भी दिखाई देंगी, जिसके पहले सीजन को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।
