राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘लखनऊ एक्सप्रेस’ का इंजन फेल हो गया?

156349022

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने ‘लखनऊ एक्सप्रेस’ का इंजन फेल होने की बात कहते हुए तंज कसा और सवाल उठाया कि अब लखनऊ की जनता की रक्षा कौन करेगा? राजनाथ सिंह शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करने वाले हैं।

अखिलेश यादव ने ‘लखनऊ एक्सप्रेस’ को लेकर क्या कहा?

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि ऐसा लगता है कि ‘लखनऊ एक्सप्रेस’ का इंजन फेल हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली के इंजन ने अंदरखाने लखनऊ की कमान किसी दूसरे को सौंपने का फैसला कर लिया है।

सपा अध्यक्ष ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को दिखावा बताते हुए कहा कि इसका असली मकसद लखनऊ के इंजन को कबाड़ साबित कर उसे हमेशा के लिए हटाना है। उन्होंने सवाल किया, “अब लखनऊ की जनता की रक्षा कौन करेगा?” उनके बयान को बीजेपी के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

सुबह 10 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय में राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस

बीजेपी उत्तर प्रदेश मीडिया की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। पार्टी ने पत्रकारों से कार्यक्रम को कवर करने का अनुरोध किया है।

हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में किन मुद्दों पर चर्चा होगी और राजनाथ सिंह किन सवालों के जवाब देंगे, इस बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में उनके बयान और राजनीतिक संदेश पर सबकी नजर रहेगी।

बीजेपी के नेतृत्व समीकरणों पर अखिलेश का निशाना?

राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव की टिप्पणी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, अखिलेश ने अपने बयान में किसी नेता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया, लेकिन ‘लखनऊ एक्सप्रेस’, ‘दिल्ली का इंजन’ और नेतृत्व की कमान किसी दूसरे को सौंपने जैसे संदर्भों के जरिए बीजेपी के राजनीतिक समीकरणों पर सवाल उठाए हैं।

 

एक नज़र