Vande Bharat में बड़ा बदलाव! इस रूट पर जुड़ेंगे 6 नए कोच, 400 अतिरिक्त यात्रियों को मिलेगी जगह
गोरखपुर: वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर से लखनऊ होते हुए प्रयागराज तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में जल्द ही 6 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। रेलवे बोर्ड से इसके लिए मंजूरी मिल चुकी है। नई रेक के महीने के अंतिम सप्ताह तक गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद इस ट्रेन में करीब 400 और यात्री सफर कर सकेंगे।
गोरखपुर से प्रयागराज तक विस्तार होने के बाद इस वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग लगातार बढ़ी है। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को 16 कोच की जगह 22 कोच के साथ संचालित करने का फैसला किया है।
22 कोच के साथ चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 4 एग्जीक्यूटिव चेयर कार और 18 एसी चेयर कार कोच शामिल रहेंगे। वर्तमान में इस वंदे भारत एक्सप्रेस में 2 एग्जीक्यूटिव चेयर कार और 12 एसी चेयर कार कोच संचालित किए जा रहे हैं।
मार्च 2024 में इस ट्रेन का संचालन लखनऊ से आगे बढ़ाकर प्रयागराज तक किया गया था। इसके बाद से इस रूट पर यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गोरखपुर से कई और वंदे भारत ट्रेनों की तैयारी
रेलवे की योजना के अनुसार गोरखपुर से दिल्ली और आगरा के लिए प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत के अलावा वाराणसी तक भी वंदे भारत ट्रेनें चलाई जाएंगी। भविष्य में गोरखपुर मंडल के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर वंदे भारत ट्रेनों का संचालन बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है। डिपो का निर्माण पूरा होने के बाद इस वर्ष प्रस्तावित नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू होने की संभावना जताई गई है।
गोरखपुर से प्रयागराज का किराया कितना है?
गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस में एसी चेयर कार का किराया भोजन सहित 1,360 रुपये है। वहीं एग्जीक्यूटिव चेयर कार में सफर करने के लिए भोजन सहित 2,570 रुपये देने होंगे।
यह ट्रेन अयोध्या और लखनऊ होते हुए लगभग 7 घंटे 30 मिनट में गोरखपुर से प्रयागराज का सफर पूरा करती है। जबकि अन्य ट्रेनों को मऊ और वाराणसी मार्ग से प्रयागराज पहुंचने में करीब साढ़े 8 से 10 घंटे का समय लगता है। अन्य ट्रेनों में थर्ड एसी का किराया 635 से 675 रुपये और स्लीपर श्रेणी का किराया 245 रुपये है।
अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में मिलेगा इमरजेंसी कोटा
रेलवे बोर्ड ने अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा लागू करने का भी फैसला किया है। अब तक इन ट्रेनों में केवल महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और ड्यूटी पास कोटा लागू था।
रेलवे बोर्ड के नए आदेश के अनुसार, समीक्षा के बाद इमरजेंसी कोटा भी शामिल किया गया है। सात या उससे अधिक स्लीपर कोच वाली अमृत भारत ट्रेनों में 24 बर्थ इमरजेंसी कोटे के लिए आरक्षित की जा सकेंगी।
