यूपी के 2.17 करोड़ किसानों के लिए बड़ी सौगात! आज खातों में आएगी पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त, 4352 करोड़ रुपये होंगे ट्रांसफर

17-15

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों के लिए शनिवार का दिन बड़ी राहत और खुशखबरी लेकर आया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त की राशि भेजी जाएगी। इस किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को कुल 4352.40 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से देशभर के किसानों के खातों में यह राशि जारी करेंगे। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।

यूपी के करोड़ों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान इस बार की किस्त के लाभार्थी होंगे। उनके खातों में सीधे 4352.40 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाएंगे।

इससे पहले मार्च 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम से योजना की 22वीं किस्त जारी की थी। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की गई थी।

100 हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करेगा भुगतान

राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 22वीं किस्त तक उत्तर प्रदेश के किसानों को इस योजना के तहत कुल 99,032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।

आज 23वीं किस्त जारी होने के बाद यह राशि बढ़कर 1,03,391.24 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी, जो योजना के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

देशभर के 9.44 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का लाभ केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों को मिलेगा। सरकार के अनुसार, देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जाएगी।

प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में दोपहर करीब 3:45 बजे आयोजित होगा।

झांसी में किसानों के बीच रहेंगे मुख्यमंत्री योगी

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से समानांतर उत्तर प्रदेश में भी विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री किसानों के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम से जुड़ेंगे। साथ ही यूपी एग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का भी शुभारंभ करेंगे।

हर साल बढ़ता गया किसानों को मिलने वाला लाभ

योजना के तहत किसानों को दी गई सहायता राशि के वर्षवार आंकड़े भी इसकी व्यापकता को दर्शाते हैं।

वर्ष 2018-19 में किसानों को 2,238.92 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी। इसके बाद 2019-20 में 11,006.87 करोड़ रुपये, 2020-21 में 14,432.14 करोड़ रुपये, 2021-22 में 15,775.52 करोड़ रुपये, 2022-23 में 12,454.32 करोड़ रुपये, 2023-24 में 13,808.48 करोड़ रुपये, 2024-25 में 15,594.74 करोड़ रुपये तथा 2025-26 में 13,727.85 करोड़ रुपये की सहायता राशि किसानों तक पहुंचाई गई।

ऐसे चेक करें अपना नाम और किस्त का स्टेटस

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी अपना नाम और किस्त की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं।

इसके लिए लाभार्थियों को योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘फार्मर्स कॉर्नर’ में उपलब्ध ‘बेनिफिशियरी स्टेटस’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आधार नंबर, पंजीकरण संख्या या मोबाइल नंबर दर्ज कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

यदि किसी किसान को अपना पंजीकरण नंबर याद नहीं है, तो वह संबंधित विकल्प के माध्यम से आवश्यक विवरण भरकर और ओटीपी सत्यापन के जरिए उसे दोबारा प्राप्त कर सकता है।

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याण योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि खेती-किसानी से जुड़े खर्चों में उन्हें सहयोग मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

 

एक नज़र