यूपी में ‘जीरो पावर्टी’ अभियान का बड़ा असर, अब अति गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का घर; आवास योजना में मिलेगी प्राथमिकता
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘जीरो पावर्टी’ अभियान के तहत चिह्नित अति गरीब परिवारों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। अब ऐसे पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में प्राथमिकता दी जाएगी। प्रदेश में इस अभियान के तहत करीब 12.50 लाख परिवार चिह्नित किए गए हैं। सरकार इन परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल के तहत शुरू किए गए ‘जीरो पावर्टी’ अभियान में चिह्नित परिवारों को अब पक्का आवास उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ग्राम्य विकास विभाग ने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। संशोधन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अभियान के तहत चिह्नित पात्र परिवारों को योजना की प्राथमिकता श्रेणी में शामिल किया जा सकेगा।
ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि वर्ष 2018 से समय-समय पर जारी शासनादेशों के माध्यम से मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में अलग-अलग वर्गों, समुदायों और जाति-जनजातियों को निर्धारित पात्रता के आधार पर प्राथमिकता दी जाती रही है। अब इस व्यवस्था में ‘जीरो पावर्टी’ अभियान के तहत चिह्नित परिवारों को भी शामिल कर दिया गया है।
प्रमुख सचिव ने इस संबंध में ग्राम्य विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत पात्रता पूरी करने वाले अति गरीब परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
दिव्यांगजन रोजगार अभियान में 1559 लोगों को मिला रोजगार का अवसर
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से 3 से 13 अगस्त तक चलाए गए दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0 के तहत 1,559 दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया। अभियान के दौरान रोजगार मेले, रोजगार शिविर और नियुक्ति अभियान आयोजित किए गए।
अभियान में चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 18 हजार रुपये तक मासिक वेतन के प्रस्ताव मिले। मोबाइल मरम्मत, बिजली का काम, सिलाई-कढ़ाई और जनसेवा केंद्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा दिव्यांगजनों को डेयरी और पशुपालन से जुड़े काम शुरू करने के लिए सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं से भी जोड़ा गया। जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक कानपुर नगर में 149, आजमगढ़ में 77, अमरोहा में 69, बरेली में 63 और सुलतानपुर में 56 दिव्यांगजन इस अभियान से लाभान्वित हुए।
