यौन शोषण मामले में ट्रंप को बड़ा कानूनी झटका, ई. जीन कैरोल को मिले 5.63 मिलियन डॉलर
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यौन शोषण और मानहानि से जुड़े मामले में बड़ा कानूनी झटका लगा है। अमेरिकी लेखिका ई. जीन कैरोल को करीब 56 लाख 30 हजार डॉलर (5.63 मिलियन डॉलर) की राशि मिल गई है। यह भुगतान 2023 में जूरी द्वारा ट्रंप को यौन उत्पीड़न और कैरोल को बदनाम करने का दोषी ठहराए जाने के बाद दिए गए फैसले के तहत किया गया है।
अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, यह राशि सोमवार को ई. जीन कैरोल की लॉ फर्म को हस्तांतरित कर दी गई। यह भुगतान ट्रंप की आपत्तियों के बावजूद किया गया। न्यायाधीश लुईस कैप्लान ने पांच दिन पहले ही इस भुगतान को मंजूरी दी थी। इस राशि में 5 मिलियन डॉलर के मूल सिविल फैसले के साथ उस पर जुड़ा ब्याज भी शामिल है। यह पहला अवसर है जब ट्रंप को इस मामले में कैरोल को भुगतान करना पड़ा है।
अब तक 88.3 मिलियन डॉलर के फैसले जीत चुकी हैं कैरोल
पिछले सात वर्षों में ई. जीन कैरोल ट्रंप के खिलाफ कुल 88.3 मिलियन डॉलर के सिविल फैसले अपने पक्ष में हासिल कर चुकी हैं। यह मामला वर्ष 1996 के आसपास न्यूयॉर्क स्थित बर्गडॉर्फ गुडमैन डिपार्टमेंट स्टोर के एक ड्रेसिंग रूम में कथित रूप से हुई घटना से जुड़ा है। ट्रंप लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।
ट्रंप ने आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित
डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह ई. जीन कैरोल को जानते तक नहीं हैं और उनके मुताबिक यह पूरा मामला किताब की बिक्री बढ़ाने के लिए गढ़ी गई कहानी है। पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी ट्रंप की उस अपील को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने 5 मिलियन डॉलर के फैसले को चुनौती दी थी। मंगलवार को भी ट्रंप की कानूनी टीम ने दोहराया कि यह मामला राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है।
भुगतान रोकने की मांग भी हुई थी खारिज
इससे पहले ट्रंप के वकील ने अदालत से भुगतान पर रोक लगाने की मांग की थी। उनका तर्क था कि यदि कैरोल पहले दिए गए अपने बयान के अनुसार इस धनराशि का दान कर देती हैं, तो भविष्य में रकम वापस लेना संभव नहीं होगा। हालांकि बाद में ई. जीन कैरोल ने अदालत को भरोसा दिलाया कि वह इस राशि को अपने सेवानिवृत्ति के लिए ब्याज वाले खाते में सुरक्षित रखेंगी।
