70वें जन्मदिन पर बसपा सुप्रीमो मायावती करेंगी ब्लू बुक का विमोचन, 2027 चुनाव की तैयारी को मिलेगी नई धार

Mayawati-(2)-1768364301062

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का 70वां जन्मदिन गुरुवार को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेशभर में मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि पार्टी मुख्यालय में होने वाले विशेष आयोजन में बसपा प्रमुख ब्लू बुक के 21वें संस्करण का विमोचन करेंगी। इस आयोजन को 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

ब्लू बुक के नए संस्करण का होगा विमोचन

जन्मदिन के अवसर पर बसपा सुप्रीमो पार्टी मुख्यालय में ब्लू बुक ‘मेरे संघर्षमय जीवन एवं बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा’ भाग-21 और उसके अंग्रेजी संस्करण का विमोचन करेंगी। यह पुस्तक पार्टी की विचारधारा, संघर्ष और उपलब्धियों को सामने लाने का माध्यम मानी जाती है।

जन्मदिन के बाद संगठन और चुनाव पर फोकस

जन्मदिवस कार्यक्रम के बाद मायावती संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, वह जल्द ही पार्टी के कोआर्डिनेटर्स से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों तक की बैठक बुलाकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करेंगी।

2027 में 2007 जैसा प्रदर्शन दोहराने की कोशिश

लगातार कमजोर होते जनाधार के चलते बसपा पिछले लोकसभा चुनाव में शून्य पर सिमट गई थी, जबकि विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन भी बेहद सीमित रहा। ऐसे में बसपा सुप्रीमो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2007 जैसा ऐतिहासिक प्रदर्शन दोहराने के लिए संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश में जुटी हैं।

कार्यकर्ताओं में जोश और युवाओं को जोड़ने की रणनीति

जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और युवा पीढ़ी को जोड़ने की रणनीति बनाई गई है। आयोजन की जिम्मेदारी मंडल कोआर्डिनेटर्स और वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है। कार्यक्रमों में वंचित समाज के साथ-साथ मुस्लिम समाज की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा और पूर्व की बसपा सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

प्रदेश और अन्य राज्यों में भी आयोजन

प्रदेश में मंडल स्तर पर, जबकि अन्य राज्यों में जोन स्तर पर जन्मदिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय के आयोजन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार गोष्ठियां होंगी।

केक काटने पर रोक, सादगी का संदेश

पार्टी संगठन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि कार्यक्रमों में केक नहीं काटा जाएगा। नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे पार्टी कार्यक्रम के बाद अपने-अपने घरों में परिवार के साथ जन्मदिन मनाएं। जन्मदिवस कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मायावती हाल ही में दिल्ली से लखनऊ पहुंच चुकी हैं और लगातार नेताओं से मुलाकात कर रही हैं।

 

एक नज़र