असम में ‘हैट्रिक’ का दावा: गोगामुख से पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, बोले—“इस बार मंगल ही मंगल”

PTI04_01_2026_000090B

असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्य के गोगामुख में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पिछले एक दशक में असम में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जनता एक बार फिर भाजपा-एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताने के लिए तैयार है और इस बार जीत की हैट्रिक तय है।

धेमाजी में जनसभा, उत्साह देखकर जताया भरोसा
धेमाजी में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव घोषणा के बाद यह उनकी पहली जनसभा है और भारी जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि युवाओं का जोश और महिलाओं का आशीर्वाद साफ तौर पर बता रहा है कि इस बार भी भाजपा सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह स्वयं इस मैदान में तीसरी बार आए हैं और जनता के समर्थन से पार्टी भी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

10 साल में बदला असम का विकास मॉडल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले सर्वानंद सोनोवाल और फिर हिमंता विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम ने बीते 10 वर्षों में सेवा और सुशासन का नया दौर देखा है। उन्होंने इस चुनाव को “विकसित असम से विकसित भारत” की दिशा में अहम बताया और दोहराया कि भाजपा-एनडीए की हैट्रिक तय है। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की हार भी लगातार जारी रहेगी।

संकल्प पत्र को बताया ‘मंगल लाने वाला’
प्रधानमंत्री ने भाजपा के हाल ही में जारी संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यह दस्तावेज असम में विकास और खुशहाली का नया रास्ता खोलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए इसमें कई बड़े वादे किए गए हैं।

UCC और परंपराओं की सुरक्षा पर जोर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने और आदिवासी समाज व छठी अनुसूची क्षेत्रों की परंपराओं की रक्षा के लिए भी अहम घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करके दिखाती है और इसी भरोसे पर जनता एक बार फिर पार्टी को समर्थन देने जा रही है।

 

एक नज़र