AAP शासित पंजाब पहुंचे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ता, स्कूलों का किया ऑडिट; अरविंद केजरीवाल ने दिया कार्रवाई का भरोसा
नई दिल्ली: ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के तहत कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने अब पंजाब के सरकारी स्कूलों का दौरा किया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और CJP पर पहले से ही आप के साथ सांठगांठ के आरोप लगते रहे हैं। पंजाब के लुधियाना में सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेने के बाद CJP की ओर से कुछ समस्याएं सामने रखी गईं, जिस पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है।
CJP के पदाधिकारी सौरभ दास ने ‘पंजाब स्कूल सोशल ऑडिट’ के नाम से एक पोस्ट साझा की। उन्होंने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी की टीम लुधियाना के स्कूलों में ऑडिट करने पहुंची थी। उनके मुताबिक, स्कूल की स्थिति देखने के बाद टीम प्रभावित हुई और 20 में से ज्यादातर बातें अच्छी पाई गईं। हालांकि, कुछ समस्याएं भी सामने आईं।
शिक्षा मंत्री को बताई गईं स्कूलों की समस्याएं
सौरभ दास ने कहा कि सामने आई समस्याओं की जानकारी पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस को दी गई है। उनके मुताबिक, मंत्री ने टीम से मिलने पर सहमति जताई है। CJP की ओर से इन समस्याओं को तत्काल दूर करने की मांग की गई है और मंत्री ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
अरविंद केजरीवाल ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पंजाब के सरकारी स्कूलों को लेकर सामने आई रिपोर्ट पर अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सौरभ दास को कमियों की जानकारी देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इन्हें तुरंत ठीक किया जाएगा।
CJP के पंजाब पहुंचने को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले पार्टी की स्कूल ऑडिट मुहिम को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आरोप लगाए गए थे कि टीम मुख्य रूप से भाजपा शासित राज्यों के स्कूलों का दौरा कर रही है।
राजस्थान, महाराष्ट्र और दिल्ली के स्कूलों का भी हुआ दौरा
इससे पहले CJP की टीम राजस्थान, महाराष्ट्र और दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा कर चुकी है। झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान अभिजीत दीपके के नहीं पहुंचने को लेकर भी सवाल उठे थे। राजस्थान में एक सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान CJP की टीम पर हमला किए जाने की बात भी सामने आई थी।
पार्टी पर आम आदमी पार्टी के साथ सांठगांठ के आरोप भी लगते रहे हैं। पंजाब के दौरे के बाद इस मुद्दे पर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
कर्नाटक में भी सरकारी स्कूलों का किया गया निरीक्षण
CJP के एक अन्य नेता आशुतोष रांका भी कर्नाटक के सरकारी स्कूलों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने स्कूलों से जुड़े वीडियो साझा किए थे। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार हैं।
रांका ने बताया था कि उन्होंने कर्नाटक के शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा से मुलाकात की। इस दौरान स्कूलों की सफाई और एसआईआर के दौरान शिक्षकों की गैरमौजूदगी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
अभिजीत दीपके ने भाजपा शासित राज्यों को लेकर साधा निशाना
अभिजीत दीपके ने पंजाब और कर्नाटक में CJP की टीम के दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि सौरभ दास ने पंजाब के स्कूलों की कमियां बताईं और शिक्षा मंत्री ने मुलाकात कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसी तरह आशुतोष रांका के कर्नाटक दौरे पर भी शिक्षा मंत्री ने उनसे मुलाकात की और कार्रवाई का भरोसा दिया।
दीपके ने आरोप लगाया कि जब उनकी टीम ने भाजपा शासित राज्यों के स्कूलों की खराब स्थिति के बारे में बताया तो उनकी टीम पर हमले किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा जिम्मेदारी लेने से क्यों डरती है और शिक्षा के खिलाफ क्यों है।
CJP ने जून और जुलाई में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद सरकारी स्कूलों के दौरे की यह मुहिम शुरू की थी। इसकी शुरुआत अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र से की थी। पार्टी की ओर से झारखंड के स्कूलों का दौरा किए जाने की बात भी कही गई है।
