UP में मौसम का डबल अटैक, पहले आंधी-बारिश फिर पड़ेगी भीषण गर्मी, 18-19 मई को लू का रेड अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। एक तरफ शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और तेज लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 18 और 19 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में उष्ण लहर से लेकर अत्यधिक उष्ण लहर की स्थिति बन सकती है।
मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की गति बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई है।
16 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 16 मई से प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क होने लगेगा। हालांकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू का असर बना रह सकता है। 17 मई को भी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गर्म हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
18 और 19 मई को सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 और 19 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। इन दिनों सामान्य लू से आगे बढ़कर अत्यधिक उष्ण लहर की स्थिति बनने की संभावना है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बारिश के बाद बढ़ेगी उमस और तापमान
विशेषज्ञों के मुताबिक आंधी और बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस और गर्मी दोनों का असर तेज हो सकता है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की अपील की है। पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली उपकरणों के संपर्क में आने से भी बचने की सलाह दी गई है। साथ ही गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलने से बचने को कहा गया है।
