रिलीज से पहले ही ‘पेड्डी’ का धमाका! एडवांस बुकिंग में करोड़ों की कमाई, राम चरण की फिल्म ने दिखाया बॉक्स ऑफिस दम

peddi-trailer-1780485989

मुंबई : दक्षिण भारतीय सुपरस्टार राम चरण और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिलीज से महज कुछ घंटे पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड की उम्मीदें जगा दी हैं। खेल और ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

निर्देशक बुची बाबू के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 जून को रिलीज होगी। रिलीज से एक दिन पहले चुनिंदा स्थानों पर इसके विशेष पेड प्रीव्यू भी आयोजित किए जा रहे हैं। फिल्म में राम चरण के नए और दमदार अवतार ने दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसके चलते फिल्म को देश और विदेश दोनों जगहों पर अच्छा प्रतिसाद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिलीज से पहले करोड़ों की कमाई

ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, ‘पेड्डी’ ने रिलीज से पहले ही शानदार एडवांस बुकिंग दर्ज की है। ब्लॉक सीटों के साथ फिल्म की अग्रिम कमाई 14 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। वहीं अब तक का कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 8.71 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म के लिए अब तक 3.61 लाख से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है। पहले दिन दर्शकों के लिए 5,731 शो निर्धारित किए गए हैं, जो फिल्म को लेकर बनी उत्सुकता को दर्शाता है।

पांच भाषाओं में रिलीज, तेलुगु दर्शकों का सबसे ज्यादा समर्थन

‘पेड्डी’ को पैन इंडिया स्तर पर पांच भाषाओं—तेलुगु, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम—में रिलीज किया जा रहा है। शुरुआती बुकिंग के आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को सबसे अधिक समर्थन तेलुगु दर्शकों से मिल रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, केवल तेलुगु संस्करण के लिए ही लगभग 3.49 लाख टिकट बिक चुके हैं, जिससे करीब 8.5 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। तमिल भाषा में भी फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जबकि हिंदी संस्करण की बुकिंग तीसरे स्थान पर है। कन्नड़ और मलयालम क्षेत्रों में फिलहाल फिल्म की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी नजर आ रही है।

राम चरण के स्टारडम का दिख रहा असर

फिल्म की एडवांस बुकिंग में तेलुगु बाजार की मजबूत पकड़ को राम चरण की लोकप्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अभिनेता का जबरदस्त प्रशंसक आधार है, जिसका सीधा असर टिकट बिक्री पर दिखाई दे रहा है।

वहीं, फिल्म में जाह्नवी कपूर की मौजूदगी के बावजूद हिंदी पट्टी में अपेक्षित स्तर की बुकिंग देखने को नहीं मिली है। ऐसे में शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म की सफलता काफी हद तक राम चरण की स्टार पावर पर निर्भर करेगी।

राम चरण के करियर के लिए अहम मानी जा रही फिल्म

फिल्मी कारोबार पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि ‘पेड्डी’ राम चरण के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक साबित हो सकती है। ‘आरआरआर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद अभिनेता को अब तक कोई बड़ी एकल सुपरहिट नहीं मिली है। ऐसे में यदि ‘पेड्डी’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन करती है, तो यह उनके करियर को नई दिशा दे सकती है।

किरदार के लिए की महीनों तक मेहनत

फिल्म में राम चरण एक खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक बताया जा रहा है। अभिनेता ने स्वयं स्वीकार किया है कि इस भूमिका के लिए उन्हें लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक तैयारी करनी पड़ी।

फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब फिल्म की रिलीज के साथ ही सभी की निगाहें इसके पहले दिन के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।

 

एक नज़र