पिता IPS, बेटी ने दो बार क्रैक किया UPSC, IRS छोड़ बनीं IPS; CJP प्रदर्शन में दिखा ऐश्वर्या सिंह का सख्त अंदाज
नई दिल्ली: राजधानी में कांग्रेस और सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान महिला आईपीएस अधिकारी ऐश्वर्या सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह प्रदर्शनकारियों की भीड़ को संभालती नजर आ रही हैं। उनके इस अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐश्वर्या सिंह 2022 बैच की एजीएमयूटी कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और दक्षिण दिल्ली में एडीसीपी के पद पर तैनात हैं। उनके पिता भी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं। ऐश्वर्या ने पहले प्रयास में यूपीएससी पास कर आईआरएस सेवा हासिल की थी, लेकिन आईपीएस बनने के लक्ष्य के लिए तैयारी जारी रखी और बाद में इस सेवा में चयनित हुईं।
कौन हैं आईपीएस ऐश्वर्या सिंह?
ऐश्वर्या सिंह का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है। उनके परिवार में शुरू से ही शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं का माहौल रहा है। उनके पिता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह 1991 बैच के असम-मेघालय कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने असम पुलिस में विशेष महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) और एंटी राइनो पोचिंग टास्क फोर्स के विशेष प्रभारी महानिदेशक के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
ऐश्वर्या सिंह फिलहाल दक्षिण दिल्ली में एडीसीपी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह लाजपत नगर में एसीपी के तौर पर जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
मां भी रह चुकी हैं प्रशासनिक अधिकारी
ऐश्वर्या सिंह की मां अनामिका सिंह असम सिविल सेवा की अधिकारी रही हैं। उन्होंने 1996 से 2006 तक एसीएस के रूप में सेवाएं दीं और बाद में नौकरी छोड़ दी। रिपोर्ट के मुताबिक, वह अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर तक पहुंची थीं।
ऐश्वर्या की छोटी बहन अराधिता सिंह ने राज्यसभा सचिवालय में काम किया और वहां वरिष्ठ निजी सचिव के रूप में सेवाएं दीं। इस तरह परिवार में प्रशासनिक और सरकारी सेवाओं से जुड़ा अनुभव पहले से मौजूद रहा है।
असम में शुरुआती पढ़ाई, दिल्ली से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन
ऐश्वर्या सिंह ने अपनी शुरुआती शिक्षा असम में हासिल की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के मदर्स इंटरनेशनल स्कूल से माध्यमिक शिक्षा पूरी की। 12वीं के बाद उन्होंने लेडी श्रीराम कॉलेज में दाखिला लिया और राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
बचपन से ही वह अपने माता-पिता को देखकर सिविल सर्विस में जाने के लिए प्रेरित थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।
पहले प्रयास में बनीं IRS, फिर IPS के लिए जारी रखी तैयारी
ऐश्वर्या सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली थी। इस प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 249 हासिल की और उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा यानी आईआरएस में हुआ। हालांकि, उनका लक्ष्य आईपीएस अधिकारी बनना था, इसलिए उन्होंने प्रयास जारी रखने का फैसला किया।
दूसरे प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सकीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में फिर परीक्षा दी।
तीसरे प्रयास में 97वीं रैंक, बनीं IPS अधिकारी
लगातार तैयारी और प्रयासों के बाद ऐश्वर्या सिंह ने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 97 हासिल की। इस बार उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस में हुआ। उन्हें एजीएमयूटी कैडर आवंटित किया गया और वह 2022 बैच की अधिकारी बनीं।
आईआरएस में चयन के बाद भी अपने लक्ष्य के लिए प्रयास जारी रखना उनकी यूपीएससी यात्रा का अहम पहलू रहा। अब दिल्ली पुलिस में अपनी जिम्मेदारी निभा रहीं ऐश्वर्या सिंह एक बार फिर सीजेपी प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो को लेकर चर्चा में हैं।
