गाजीपुर एनकाउंटर: होटल कारोबारी के बेटे की हत्या में शामिल कमलेश चौधरी ढेर, 38 दिन पहले ही हुई थी शादी
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी को पुलिस ने बुधवार रात एनकाउंटर में मार गिराया। इस कार्रवाई में स्वाट टीम का एक प्रभारी भी घायल हो गया।
हत्याकांड में था नामजद, लंबे समय से थी तलाश
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद पर हत्या, हत्या के प्रयास और धमकी सहित कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह गाजीपुर के बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में ‘कटरा गैंग’ से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ नामजद था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
38 दिन पहले हुई थी शादी
कमलेश चौधरी की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। जानकारी के अनुसार उसने 27 अप्रैल को बिहार के मोहनिया में मनीषा से धूमधाम से शादी की थी। शादी के मात्र 38 दिन बाद ही उसका एनकाउंटर में अंत हो गया। पुलिस उसकी पत्नी मनीषा से भी पूछताछ कर रही है, जो जेएनएम की पढ़ाई कर रही है।
गैंग नेटवर्क और काले धन से जुड़ाव के आरोप
सूत्रों के मुताबिक कमलेश को गैंग के सरगना शंकर पांडे का करीबी सहयोगी माना जाता था और वह अवैध वसूली व अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े धन को संभालने में भूमिका निभाता था। आरोप है कि इसी नेटवर्क के जरिए उसने आर्थिक रूप से मजबूत स्थिति बनाई थी।
एनकाउंटर के दौरान मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि कमलेश कुर्था क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद घेराबंदी की गई और आदर्श बाजार के पास नदी की ओर जाते समय पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में कमलेश और स्वाट प्रभारी घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर कमलेश को मृत घोषित कर दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस हत्याकांड में शामिल गैंग के सरगना शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव अब भी फरार हैं। पुलिस ने शंकर पांडे पर भी इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
