यूपी में सड़क, सेतु और सीवर परियोजनाओं की थर्ड पार्टी आडिट कराएगी सरकार, भवन निर्माण परियोजनाओं में लागू है व्यवस्था

CM-Yogi-Happy-Face-1768535149518

लखनऊ। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सड़क, सेतु और सीवर परियोजनाओं के कार्यों की सरकार थर्ड पार्टी आडिट कराएगी। आईआईटी, इंजीनियरिंग कालेज और प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों को आडिट करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे संबंधित प्रस्ताव नियोजन विभाग ने तैयार किया है। थर्ड पार्टी आडिट के लिए संबंधित संस्थानों से बातचीत की जा रही है। 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की आडिट भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) वाराणसी, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूड़की से कराने की तैयारी है।

25-100 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं की आडिट एएमयू अलीगढ़, मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआइटी) प्रयागराज, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर तथा हरकोर्ट बटलर प्राविधिक संस्थान कानपुर जैसी संस्थानों को दिया जाएगा।

25 करोड़ रुपये तक की लागत वाली परियोजनाओं की आडिट राजकीय इंजीनियरिंग कालेज करेंगे। मुख्य अभियंता नियोजन पवन वर्मा के मुताबिक सड़क, सेतु व सीवर परियोजनाओं की थर्ड पार्टी आडिट कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। संबंधित तकनीकी संस्थानों से इसके लिए बातचीत चल रही है। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। थर्ड पार्टी आडिट के माध्यम से परियोजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।

हाल ही में तकनीकी संस्थानों से भवन निर्माण परियोजनाओं की थर्ड पार्टी आडिट कराने की व्यवस्था लागू की गई है। तकनीकी संस्थान परियोजनाओं के कार्यों की मौके पर जाकर पांच बार जांच करेंगे। भवन निर्माण परियोजनाओं की तर्ज पर ही सड़क, सीवर व सेतु परियोजनाओं की आडिट कराने का निर्णय लिया गया है।

एक नज़र