पराठे के साथ टमाटर-खजूर की चटनी खाएंगे तो स्वाद भी बढ़ेगा, सेहत भी रहेगी दुरुस्त; झटपट नोट करें आसान रेसिपी

tomato-dates-chutney-recipe-19-01-2026-1768793640

नई दिल्ली: सुबह के नाश्ते में पराठा लगभग हर घर में बनता है। आमतौर पर लोग पराठे को अचार, सॉस या चाय के साथ खाते हैं, लेकिन अगर आप नाश्ते को थोड़ा हेल्दी और टेस्टी बनाना चाहते हैं तो टमाटर और खजूर की चटनी एक बेहतरीन विकल्प है। यह चटनी न सिर्फ पराठे बल्कि रोटी और चावल के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है। खास बात यह है कि इसे आप बच्चों के टिफिन में भी दे सकते हैं, क्योंकि इसका मीठा-खट्टा स्वाद बच्चों को खूब पसंद आता है। पोषण से भरपूर यह चटनी आसानी से घर पर बनाई जा सकती है, आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

टमाटर और खजूर की चटनी बनाने की आसान विधि
इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले 250 ग्राम अच्छे से पके लाल टमाटर लें और उन्हें धो लें। साथ ही 7-8 पके हुए खजूर लें। टमाटरों के ऊपर की तरफ चार हल्के कट लगा दें, ध्यान रखें कि नीचे से टमाटर जुड़े रहें। अब एक पैन में पानी उबालें और उसमें टमाटर डालकर ढक दें। धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक पकाएं। पानी ठंडा होने पर टमाटर निकाल लें और उनका छिलका उतार दें। उबले हुए टमाटरों का छिलका बहुत आसानी से निकल जाएगा। इसके बाद टमाटरों को मोटे टुकड़ों में काट लें।

अब एक दूसरे पैन में 2 चम्मच सरसों का तेल गरम करें। तेल गरम होने पर उसमें पंचफोरन डालें या फिर सरसों, जीरा, मेथी, कलौंजी और सौंफ का मिश्रण डालें। मसालों को हल्का चटकने दें और फिर इसमें 2 साबुत सूखी लाल मिर्च डाल दें। इसके बाद कटे हुए टमाटर पैन में डालें और स्वादानुसार नमक मिला दें। ढककर मध्यम आंच पर करीब 2 मिनट तक पकाएं। जब टमाटर अच्छे से गल जाएं तो उन्हें हल्का सा मैश कर लें और इसमें 100 ग्राम चीनी मिला दें।

अब खजूर के बीज निकालकर उन्हें लंबाई में काट लें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा कटा हुआ आम पापड़ भी डाल सकते हैं। खजूर को चटनी में डालकर ढक दें और करीब 4 मिनट तक पकने दें। गैस बंद कर दें और चटनी को ठंडा होने दें। ठंडी होने के बाद चटनी सर्व करने के लिए तैयार है।

आप चाहें तो इस चटनी में साबुत खजूर भी डाल सकते हैं। इसे पराठे, रोटी या चावल के साथ खाया जा सकता है। यह चटनी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। अच्छी बात यह है कि इसे फ्रिज में स्टोर करके 10 से 15 दिनों तक आराम से इस्तेमाल किया जा सकता है।

 

एक नज़र