भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का बड़ा कवच: सीतामढ़ी के भिट्ठामोड़ में 300 करोड़ की लागत से बन रहा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार के सीतामढ़ी जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर पर स्थित भिट्ठामोड़ में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह प्रोजेक्ट सीमाई सुरक्षा, व्यापार और प्रशासनिक समन्वय के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीमाई क्षेत्रों में बढ़ती चुनौतियों और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। इस बैठक में सीमा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए थे। उसी कड़ी में भिट्ठामोड़ में इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू किया गया है।
लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया करवा रही निर्माण कार्य
इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण कार्य लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की निगरानी में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि व्यापार, परिवहन और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
एक ही परिसर में काम करेंगी सभी प्रमुख एजेंसियां
आईसीपी के तैयार होने के बाद सीमा से जुड़ी सभी प्रमुख एजेंसियां एक ही परिसर में संचालित होंगी। यहां कस्टम, डीआरआई, एसएसबी, पुलिस, इमिग्रेशन, माल जांच, स्वास्थ्य जांच और परिवहन विभाग समेत कई सुविधाएं एक साथ उपलब्ध रहेंगी।
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट बनने से सभी एजेंसियों को कार्य करने में सुविधा मिलेगी और सीमाई निगरानी पहले से अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अवैध और मादक पदार्थों की तस्करी पर भी इससे प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
तस्करी और अवैध गतिविधियों पर कसेगा शिकंजा
अधिकारियों के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण यहां लोगों और वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। इसी वजह से तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों की चुनौती भी बनी रहती है।
अब आधुनिक तकनीक और केंद्रीकृत व्यवस्था से लैस यह इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी मदद साबित होगा। इससे सीमा पार होने वाली तस्करी, अवैध आवाजाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।
व्यापार और यात्रियों को भी मिलेगा बड़ा फायदा
इस परियोजना का लाभ केवल सुरक्षा एजेंसियों तक सीमित नहीं रहेगा। सीमाई व्यापार और आवागमन को भी इससे बड़ी सुविधा मिलेगी। व्यापारियों को माल की जांच और क्लीयरेंस में आसानी होगी, जबकि यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इससे समय की बचत होगी और सीमा पार होने वाली गतिविधियां अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा सकेंगी।
निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की तैयारी
सीतामढ़ी जिला प्रशासन परियोजना की लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को इस आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके।
