ITBP में हेड कॉन्स्टेबल बनने का मौका, 12वीं पास के लिए निकली भर्ती; 81,100 रुपये तक मिलेगी सैलरी
नई दिल्ली: इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) ने हेड कॉन्स्टेबल पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 12वीं पास उम्मीदवार इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 27 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-4 के तहत 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं यानी 10+2 पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र और तीन साल का प्रैक्टिकल कार्य अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 27 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग समेत आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कई चरणों में होगा चयन
ITBP हेड कॉन्स्टेबल भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। सबसे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET और शारीरिक मानक परीक्षा यानी PST होगी। इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
लिखित परीक्षा के बाद प्रैक्टिकल स्किल टेस्ट, मूल दस्तावेजों का सत्यापन और मेडिकल जांच होगी। मेडिकल प्रक्रिया में DME/RME शामिल है। सभी निर्धारित चरणों को पूरा करने वाले उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जाएगा।
100 रुपये है आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। जिन उम्मीदवारों पर शुल्क लागू होगा, वे ऑनलाइन माध्यम से इसका भुगतान कर सकते हैं।
ऐसे भरें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को ITBP के भर्ती पोर्टल recruitment.itbpolice.nic.in पर जाना होगा। यहां नए यूजर के तौर पर पंजीकरण पूरा करने के बाद लॉगिन करना होगा।
इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल भर्ती के लिंक पर जाकर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। शुल्क लागू होने पर 100 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना होगा।
