बादलों के बीच घूमने का अनोखा अनुभव: जानिए सिक्किम की वो खूबसूरत जगहें, जहां हर नजारा है जन्नत जैसा

Untitled-design-55

गंगटोक: अगर आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां पहुंचते ही सारी थकान और तनाव दूर हो जाए, तो सिक्किम आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। हिमालय की गोद में बसा यह राज्य अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, ठंडी हवाओं और बादलों से घिरी वादियों के लिए जाना जाता है। यहां की कई जगहें ऐसी हैं जहां आप सचमुच बादलों के बीच घूमने जैसा अनुभव कर सकते हैं और खुद को प्रकृति के बेहद करीब महसूस करते हैं। सिक्किम में मौजूद ये खास टूरिस्ट स्पॉट्स हर मौसम में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।

नामची: सिक्किम के सोलोफोक पहाड़ी पर स्थित नामची राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां स्थित सिद्धेश्वर धाम श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है, जहां भगवान शिव की विशाल प्रतिमा आकर्षण का मुख्य कारण है। इस स्थान की एक खास बात यह भी है कि इसका उल्लेख महाकाव्य महाभारत में भी मिलता है, जिससे इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक अहमियत और बढ़ जाती है।

लाचुंग और युमथांग घाटी: मंगन जिले में स्थित युमथांग घाटी को सिक्किम की फूलों की घाटी के रूप में जाना जाता है। हिमालयी पहाड़ों के बीच बसी यह घाटी हरे-भरे मैदानों, नदी और गर्म जलस्रोतों के लिए प्रसिद्ध है। यहां रोडोडेंड्रोन की 24 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं, जो वसंत ऋतु में पूरे क्षेत्र को रंग-बिरंगे फूलों से भर देती हैं। तीस्ता नदी की सहायक धारा इस घाटी की खूबसूरती को और भी बढ़ा देती है।

त्सोंमगो झील: गंगटोक से लगभग 38 से 40 किलोमीटर दूर स्थित त्सोंमगो झील सिक्किम की सबसे प्रसिद्ध और आकर्षक जगहों में से एक है। यह झील अपने बदलते पानी के रंग के लिए जानी जाती है, जो पर्यटकों को हैरान कर देता है। यहां याक की सवारी का अनुभव भी लिया जा सकता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह झील रक्षक देवताओं का स्थान मानी जाती है, जिससे इसका धार्मिक महत्व भी जुड़ा हुआ है।

गंगटोक: सिक्किम की राजधानी गंगटोक अपनी शांत और मनमोहक वादियों के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थित हनुमान टोक भगवान हनुमान को समर्पित है, जबकि गणेश टोक अपनी रंगीन वास्तुकला और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां से हिमालय की चोटियों और बादलों से ढकी घाटियों का दृश्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

पेलिंग स्काईवॉक: पश्चिम सिक्किम के पेलिंग में स्थित स्काईवॉक अपनी तरह का अनोखा पर्यटन स्थल है। यहां स्थित 135 फीट ऊंची चेनरेज़िग प्रतिमा विश्व की सबसे ऊंची चेनरेज़िग प्रतिमाओं में से एक मानी जाती है। यह भारत का पहला पारदर्शी स्काईवॉक भी है, जहां पर्यटक कांच के ऊपर चलकर नीचे गहरी घाटियों का रोमांचक दृश्य देख सकते हैं।

 

एक नज़र